➡️ आगर मालवा में साप्ताहिक जनरल परेड एवं बलवा ड्रिल का आयोजन

➡️ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली, उत्कृष्ट टर्न आउट वालों को किया पुरस्कृत

➡️ आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर पुलिस बल ने बलवा ड्रिल का अभ्यास कर दिखाई सतर्कता

आगर मालवा पुलिस लाइन में आज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का निरीक्षण कर बेहतर टर्नआउट वालों को पुरस्कृत किया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली, जहाँ जवानों ने अनुशासित कदमताल, शारीरिक अनुशासन और शस्त्र अभ्यास का प्रदर्शन किया। परेड का संचालन सूबेदार जगदीश यादव एवं उपनिरीक्षक सुनीता परिहार द्वारा किया गया।

आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस बल की तैयारी परखने हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बलवा ड्रिल का भी आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, त्वरित निर्णय लेने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार करना रहा। बलवा ड्रिल में जवानों ने स्मोक गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड एवं वज्र वाहन का प्रयोग कर भीड़ नियंत्रण की रणनीतियों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल में बलवाई की भूमिका निभाने वाले कर्मियों पर अनुशासित ढंग से लाठीचार्ज एवं टियर गैस का उपयोग कर परिदृश्य तैयार किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बल प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी तथा कहा कि “शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है और आमजन की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।”

परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा ओ.आर. (Orderly Room) आयोजित किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत व शासकीय समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए गए। ओ.आर. के माध्यम से पुलिस कर्मियों को अपनी समस्याएँ सीधे तौर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिससे त्वरित समाधान की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित हुई।

इस आयोजन में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा, उप पुलिस अधीक्षक रघुनाथ खातरकर, रक्षित निरीक्षक सपना परमार,थाना प्रभारी कानड़ राजकुमार दांगी, थाना प्रभारी सोयत रामगोपाल वर्मा, निरीक्षक अनिल कुमार मालवीय, निरीक्षक अक्षय बेस, निरीक्षक रूप सिंह बेस, सहित जिले के 150 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आगर मालवा पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे आगामी त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से तत्पर है।

keyboard_arrow_up
Skip to content