“सेफ क्लिक” अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति किया गया जागरूक
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक” साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आज अभियान के छठवें दिन आगर मालवा जिले में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों, विशेष रूप से छात्र-छात्राओं और महिलाओं को साइबर अपराधों से सतर्क करना और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों के प्रति जागरूक बनाना है।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आज शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय आगर में साइबर सेल, महिला सेल और महिला थाना की टीम द्वारा एक विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक के माध्यम से सजीव और रोचक तरीके से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और सोशल मीडिया अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। इस टीम में उप निरीक्षक श्री जितेंद्र सिंह चौहान, सउनि सुश्री आशा लकवाल, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र खत्री, वीरेंद्र सिंह राठौर, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह और महिला आरक्षक हर्षिता जोशी शामिल थे।
थाना नलखेड़ा क्षेत्र में थाना प्रभारी श्रीमती शशि उपाध्याय और उनकी टीम ने गणेश चौक पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें आम नागरिकों को साइबर ठगी, फिशिंग, और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। इसी क्रम में थाना सोयत के थाना प्रभारी श्री यशवंतराव गायकवाड़ और उनि श्री कोमल राम धाकड़ ने जिज्ञासा पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
थाना सुसनेर में एडवेंचर पब्लिक स्कूल सुसनेर में उप निरीक्षक श्री मंजूर आलम खान और उनकी टीम ने साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया। वहीं, थाना बड़ौद के थाना प्रभारी श्री कृष्ण कांत तिवारी और उनकी टीम ने गांधी चौक बड़ौद में नुक्कड़ सभा का आयोजन कर साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और फिशिंग के खतरों के बारे में जानकारी दी।
इसी प्रकार थाना कोतवाली में सउनि श्री विक्रम सिंह जाधव और उनकी टीम ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय आगर में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए। थाना कानड़ में प्रधान आरक्षक संतोष चावड़ा और आरक्षक विजय दांगी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय कानड़ में जागरूकता सत्र आयोजित किया।
ग्रीन वैली स्कूल तनोडिया में सउनि अरविंद सिंह तोमर और उनकी टीम ने साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान की। वहीं पिपलोन चौकी क्षेत्र में प्रधान आरक्षक दामोदर शर्मा और आरक्षक जितेंद्र शर्मा ने पिपलोन हाट बाजार में आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।
बिजानगरी चौकी क्षेत्र में उनि श्री जोरावर सिंह और उनकी टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आम्बा बड़ौद में साइबर जागरूकता अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी।
आगर मालवा पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा के महत्व को पहुँचाना और साइबर अपराधों के प्रति सजगता बढ़ाना है। “सेफ क्लिक” अभियान 11 फरवरी तक निरन्तर जारी रहेगा।