“शासन-प्रशासन गांवों के द्वार” — हिरनखेड़ी में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर
एडीजीपी/आईजी एवं डीआईजी ने किया जनसंवाद, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में संचालित जनविश्वास अभियान के अंतर्गत थाना नलखेड़ा क्षेत्र के ग्राम हिरनखेड़ी में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एडीजीपी/आईजी उज्जैन रेंज श्री राकेश कुमार गुप्ता, डीआईजी उज्जैन रेंज श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
👮♂️ एडीजीपी/आईजी ने ग्रामीणों से किया सीधा जनसंवाद
जनविश्वास शिविर में एडीजीपी/आईजी उज्जैन रेंज श्री राकेश कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं सुनीं। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न किए, जिनका श्री गुप्ता द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।
इस दौरान एडीजीपी/आईजी श्री गुप्ता ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक हित से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। विशेष रूप से राहवीर योजना एवं प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायलों की तत्काल सहायता करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड के प्रति जागरूक करते हुए अनजान कॉल, लिंक एवं संदेशों से सावधान रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
एडीजीपी/आईजी श्री गुप्ता ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने, पुलिस एवं प्रशासन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक संवाद में सहभागिता की और अधिकारियों के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव रखे।
🚔 स्थायी पुलिस चौकी एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मिले सुझाव
स्थानीय नागरिकों द्वारा मंदिर परिसर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने संबंधी सुझाव एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। एडीजीपी/आईजी श्री गुप्ता ने नागरिकों के सुझावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं सुझावों के त्वरित परीक्षण के निर्देश दिए।
🚩 मां बगलामुखी मंदिर एवं निर्माणाधीन देवी लोक का भ्रमण
जनविश्वास शिविर के पश्चात एडीजीपी/आईजी श्री राकेश कुमार गुप्ता एवं डीआईजी श्री नवनीत भसीन ने नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। तत्पश्चात उन्होंने निर्माणाधीन मां बगलामुखी देवी लोक का भ्रमण किया। इस दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से देवी लोक की पूरी कार्ययोजना का अवलोकन एवं निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक एवं महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
🤝 जनविश्वास अभियान का उद्देश्य—सीधा संवाद, त्वरित समाधान
शिविर में कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांगें शामिल थीं। संबंधित विभागों द्वारा अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी सुसनेर श्री देवनारायण यादव, तहसीलदार श्री प्रियंक श्रीवास्तव, थाना प्रभारी नलखेड़ा श्रीमती शशि उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जनविश्वास अभियान के माध्यम से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने, सुरक्षा संबंधी विषयों पर संवाद करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास निरंतर जारी है।
🛡️ जनता से सीधा संवाद • समस्या का समाधान • सुरक्षा का विश्वास





