“शक्ति दल” ने महिलाओं और बच्चों को दिलवाया “अभिमन्यु संकल्प”

“मैं हूं अभिमन्यू” अभियान के शक्तिदल व कोतवाली पुलिस द्वारा झुग्गी बस्तियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार, यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, सभी थानों द्वारा इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। “मैं हूं अभिमन्यु” अभियान 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसमें पुरुषों को महिलाओं के प्रति संवेदनशील बनाने, महिला अपराधों के प्रति जागरूक करने और पूर्वाग्रहों को सुधारने की गतिविधियाँ शामिल हैं।

आज शक्ति दल और कोतवाली आगर की पुलिस टीम ने रावण बलड़ी पर झुग्गी बस्ती स्थित गरबा पंडाल में जाकर थाना प्रभारी श्री अनिल कुमार मालवीय, उपनिरीक्षक श्रीमती कामिनी शुक्ला और श्रीमती राखी गुर्जर के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। इस दौरान, शक्ति दल ने उपस्थित बच्चों को “अभिमन्यु संकल्प” दिलवाया, जिसमें उन्हें महिलाओं के प्रति संवेदनशील रहने और असमानता के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत बच्चों को लैंगिक भेदभाव, दहेज प्रथा, अश्लीलता, साइबर अपराध और सोशल मीडिया अपराध के संबंध में जागरूक किया गया।

इसके बाद, शक्ति दल ने शहर के विभिन्न गरबा पंडालों और झाँकियों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय पेट्रोलिंग की।

महिलाओं के खिलाफ अपराध अक्सर नशे की लत, दहेज प्रथा और पुरानी रूढ़िवादिताओं से जुड़े होते हैं। इस अभियान का उद्देश्य एक ऐसे समाज की स्थापना करना है, जहाँ महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा का सम्मान किया जाए।

“मैं हूं अभिमन्यु” अभियान के माध्यम से सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे नशे से दूर रहें और अपने बच्चों की सही परवरिश करें, ताकि वे सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

keyboard_arrow_up
Skip to content