रिमझिम बारिश के बीच आगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा,
स्कूली विद्यार्थियों सहित करीब 400 नागरिकों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा—देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय आगर में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। रिमझिम बारिश के बीच भी देशभक्ति का उत्साह कम नहीं हुआ और स्कूली विद्यार्थियों सहित करीब 400 प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ छावनी स्थित झंडा चौक से हुआ। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विजय स्तंभ द्वार पहुंची। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों एवं ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
तिरंगा यात्रा में माननीय विधायक श्री मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भैरू सिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री निलेश जैन पटेल सहित जनप्रतिनिधि, सम्माननीय पत्रकारगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर जिला पंचायत CEO श्री बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, एसडीओपी आगर श्री मोतीलाल कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नागेश यादव सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी तिरंगा यात्रा में सहभागी रहे।
यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिमझिम बारिश के बावजूद विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामे पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
विजय स्तंभ द्वार पहुंचने पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में माननीय विधायक, जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य उपस्थित अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन किया गया। इसके साथ ही तिरंगा यात्रा का विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान एवं एकता की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।





