पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने थाना बड़ौद का किया आकस्मिक निरीक्षण,

लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, प्रभावी कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा आज थाना बड़ौद का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी बड़ौद निरीक्षक श्री रूप सिंह बैस के साथ थाना बड़ौद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस बल से थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों एवं पुलिसिंग संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समस्त स्टाफ को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी, असामाजिक तत्वों एवं निगरानी बदमाशों पर प्रभावी कार्रवाई तथा फरार एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण किया जाए तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित रहे।

निरीक्षण के दौरान थाना के अपराध अभिलेख, रोजनामचा, लंबित विवेचनाएं, शिकायत रजिस्टर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कार्य एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा पुलिस संसाधनों के उचित रखरखाव के निर्देश दिए।

वर्तमान वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए थाना क्षेत्र के बाढ़ एवं आपदा संभावित क्षेत्रों की जानकारी भी प्राप्त की तथा आवश्यक परिस्थितियों में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों को सदैव तैयार रखने तथा स्थानीय प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशील पुलिसिंग एवं आमजन के साथ सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि अपराध की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई एवं जनसुरक्षा के लिए पुलिस की मौजूदगी क्षेत्र में प्रभावी रूप से दिखाई देनी चाहिए। पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण एवं निगरानी रखते हुए किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content