“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत परिवहन कर्मियों, औद्योगिक संस्थानों, ग्राम चौपालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चला व्यापक जनजागरूकता अभियान — नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश हुआ और अधिक सशक्त
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में लगातार प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन एवं समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में परिवहन कर्मियों, औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारियों, ग्रामीणों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। विशेष रूप से वाहन चालकों एवं परिवहन कर्मियों को समझाइश दी गई कि नशे की अवस्था में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी अत्यंत घातक सिद्ध हो सकता है। सभी से स्वयं नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। कार्यक्रमों के अंत में उपस्थित नागरिकों को “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संकल्प दिलाते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली आगर द्वारा बस स्टैंड परिसर में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बस चालकों, परिचालकों, ऑटो रिक्शा चालकों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। लगभग 150 से 200 लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नशामुक्ति की शपथ ली।
पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा ऑटो रिक्शा एवं मैजिक वाहनों पर नशामुक्ति संबंधी जनजागरूकता बैनर एवं पम्पलेट चस्पा कर वाहन चालकों एवं आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।
थाना कानड़ द्वारा Avaada Sunshine Enterprises Ltd., लाड़वन में कार्यरत कर्मचारियों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा सभी कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
चौकी पीपलोन, थाना कोतवाली आगर द्वारा ग्राम लापाखेड़ी में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के अवैध कारोबार के संबंध में सूचना देने हेतु हेल्पलाइन की जानकारी प्रदान करते हुए नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
इसी क्रम में चौकी बड़ागांव, थाना नलखेड़ा द्वारा बस स्टैंड बड़ागांव पर आमजन के बीच जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। थाना सुसनेर द्वारा बस स्टैंड सुसनेर पर लोक परिवहन के वाहनों पर नशामुक्ति संबंधी पम्पलेट चस्पा कर यात्रियों एवं वाहन चालकों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं थाना सोयत कला द्वारा ग्राम डोंगरगांव बस स्टैंड के समीप ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को नशे से होने वाली शारीरिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान केवल एक जनजागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता से संचालित एक व्यापक सामाजिक जनआंदोलन है। अभियान के दौरान जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई भी लगातार जारी है। यह अभियान 30 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर संचालित रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक इस जनआंदोलन का सहभागी बनकर “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके।





