“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित, लगभग 1,300 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में लगातार जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। अभियान के दूसरे दिन जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली सामाजिक, मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक हानियों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी उपस्थितजनों को “ज़िंदगी को हाँ, नशे को ना” का संकल्प दिलाया गया।
थाना बड़ौद पुलिस द्वारा शासकीय संदीपनी विद्यालय, बड़ौद में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 300 छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है तथा अनेक सामाजिक एवं आपराधिक समस्याओं का कारण बनता है। सभी विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
थाना कानड़ पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कानड़ में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का महत्व बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के प्रति सजग रहने, गलत संगति से बचने तथा अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा मास्टर माइंड स्कूल, तनोडिया में आयोजित कार्यक्रम में चौकी प्रभारी ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न दुष्प्रभावों, उससे होने वाले अपराधों एवं सामाजिक बुराइयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में थाना सुसनेर अंतर्गत आदर्श सरस्वती हाईस्कूल, पिपलोन कला में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
थाना कोतवाली, आगर द्वारा नेहरू कॉलेज, आगर में सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 विद्यार्थी, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से होने वाले कानूनी, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें शिक्षा, खेल, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया गया। उपस्थित सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु अपना सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
वहीं थाना सोयतकलां पुलिस द्वारा यूनिक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, सोयतकलां में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, शिक्षा एवं भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्हें नशे से दूर रहकर अपने परिवार, विद्यालय एवं समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण बनने की प्रेरणा दी गई तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी जनआंदोलन खड़ा करना है।
📌 जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से जुड़कर “ज़िंदगी को हाँ, नशे को ना” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में अपना सक्रिय योगदान दें।





