“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन — जेल, विद्यालय, थाना परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है।
इसी क्रम में जिला जेल, आगर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बंदियों से संवाद करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के जीवन को प्रभावित करता है। बंदियों को नशा छोड़कर सकारात्मक जीवन अपनाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना नलखेड़ा द्वारा आमजन के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नागरिकों से नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
थाना बड़ौद द्वारा सांदीपनि विद्यालय में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शिक्षा एवं खेलों को प्राथमिकता देने तथा नशे से सदैव दूर रहने का संदेश दिया गया।
चौकी बड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में आमजन को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाई गई। उपस्थित नागरिकों ने स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार तथा समाज को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
थाना परिसर सुसनेर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा भी क्षेत्र में आमजन के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।
जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनसहभागिता से ही नशामुक्त समाज का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।
🚭 “ज़िंदगी को हाँ… नशे को ना।”





