“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिल रहा जनसमर्थन — छात्रावास, विद्यालय, मंडी, फैक्ट्री एवं सार्वजनिक स्थलों पर गूंजा नशामुक्ति का संदेश

🛡️ जनभागीदारी से सशक्त हो रहा नशामुक्ति अभियान — जिलेभर में विद्यार्थियों, श्रमिकों, व्यापारियों एवं आमजन ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। इसी क्रम में दिनांक 27 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, छात्रावासों, औद्योगिक इकाइयों, कृषि उपज मंडियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना नलखेड़ा पुलिस द्वारा बालिका छात्रावास, औद्योगिक प्रतिष्ठान एवं व्यापारियों तथा आमजन के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

थाना बड़ौद पुलिस द्वारा कृषि उपज मंडी परिसर में लगभग 200 व्यापारियों, किसानों एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।

चौकी बीजानगरी पुलिस द्वारा शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल, बीजानगरी में लगभग 200 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने एवं समाज को भी इस बुराई से मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना सोयत कला पुलिस द्वारा जिज्ञासा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 700 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

थाना कानड़ पुलिस द्वारा SATV Refinery Private Limited में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 कर्मचारियों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के संबंध में जागरूक किया गया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

थाना सुसनेर पुलिस द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा का विश्वास है कि नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार जनजागरूकता और जनसहभागिता है। इसी उद्देश्य से अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, श्रमिकों, व्यापारियों, अभिभावकों एवं आमजन को निरंतर जागरूक किया जा रहा है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

keyboard_arrow_up
Skip to content