“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन — बस स्टैंड, बाजार, ग्राम चौपाल एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जिला पुलिस ने चलाया सघन जनजागरूकता अभियान

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत आम नागरिकों, व्यापारियों, ग्रामीणों एवं यात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना कानड़ पुलिस द्वारा नया बस स्टैंड, कानड़ पर आम नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना बड़ोद पुलिस ने गांधी चौक, बड़ोद में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 200 नागरिकों को नशे से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी। उपस्थित नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

थाना नलखेड़ा पुलिस द्वारा क्षेत्र के व्यापारी बंधुओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया गया। व्यापारियों से युवाओं को नशे से बचाने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

इसी प्रकार ग्राम पाडलिया में आमजन के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

वहीं डोंगरगांव बस स्टैंड पर आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में लगभग 150 ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित नागरिकों को नशे से होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक हानियों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई।

जिला पुलिस आगर मालवा नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनसहभागिता ही नशामुक्त समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।

🚭 “ज़िंदगी को हाँ… नशे को ना।”

keyboard_arrow_up
Skip to content