🚔 “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम का हुआ सफल समापन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने विद्यार्थियों को सामुदायिक पुलिसिंग, कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

▶️ नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आगर-मालवा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुलिस एवं कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर दिया गया व्यावहारिक मार्गदर्शन।

▶️ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने सामुदायिक पुलिसिंग की भूमिका एवं महत्व पर विस्तार से किया उद्बोधन।

▶️ कार्यक्रम में सहभागी विद्यार्थियों एवं पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र वितरित कर किया गया सम्मानित।

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार डीआईजी विनीत कपूर के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस विभाग की संयुक्त पहल पर शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आगर-मालवा में आयोजित “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया।

समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. पी. चतुर्वेदी, थाना प्रभारी कोतवाली आगर निरीक्षक नागेश यादव, यातायात प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह चौहान, सूबेदार जितेन्द्र शुक्ला, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

🔹 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सामुदायिक पुलिसिंग की भूमिका पर दिया विस्तृत उद्बोधन

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने सामुदायिक पुलिसिंग की अवधारणा, उद्देश्य एवं समाज में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, संवाद एवं आपसी विश्वास स्थापित करना सामुदायिक पुलिसिंग का प्रमुख उद्देश्य है। युवाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। जागरूक एवं जिम्मेदार युवा समाज में सुरक्षा, कानून के प्रति सम्मान तथा सकारात्मक सामाजिक बदलाव के वाहक बन सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने, सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा अपने आसपास घटित होने वाली संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

🔹 पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर किया मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।

▶️ कानून व्यवस्था एवं पुलिस की कार्यप्रणाली: थाना प्रभारी कोतवाली आगर निरीक्षक नागेश यादव ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका, अपराध नियंत्रण एवं नागरिकों के कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी।

▶️ यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा: यातायात प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह चौहान ने यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार के महत्व से अवगत कराया।

▶️ आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन सहायता: सूबेदार जितेन्द्र शुक्ला ने आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियों एवं संकट के समय प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।

🔹 विद्यार्थियों एवं पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र वितरित

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट द्वारा सेमिनार में सहभागिता करने वाले समस्त विद्यार्थियों एवं पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डॉ. हंसराज द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया तथा प्रोफेसर अजय राठौर ने मंच संचालन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. पी. चतुर्वेदी एवं समस्त प्राध्यापकगण का कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

🔹 पुलिस एवं युवाओं के बीच संवाद और विश्वास मजबूत करने की पहल

“जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, संविधान, पुलिस की कार्यप्रणाली, सामुदायिक पुलिसिंग, यातायात सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त हुई। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाते हुए पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करना है।

keyboard_arrow_up
Skip to content