जिला अस्पताल परिसर से लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा

🏍️ 3 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 5 मोटरसाइकिलें एवं 2 कटे हुए चेसिस बरामद—अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी

जिला अस्पताल परिसर से लगातार हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पतारसी एवं चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस को सक्रिय किया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नागेश यादव द्वारा पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मैदानी सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पतारसी प्रारंभ की गई। टीम द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं संभावित ठिकानों की जानकारी एकत्रित करते हुए त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें एवं 2 मोटरसाइकिलों के कटे हुए चेसिस बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई।

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं, चोरी के वाहनों को खपाने वाले व्यक्तियों एवं संभावित सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ करने तथा प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस प्रकार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन, मार्गदर्शन एवं सतत पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं मैदानी पतारसी के फलस्वरूप मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का प्रभावी खुलासा संभव हुआ।

दिनांक 20 अगस्त 2026 को फरियादी सिद्धनाथ यादव निवासी ग्राम कजलास द्वारा थाना कोतवाली आगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपनी हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP-70-ME-0939 से जिला अस्पताल आगर आया था। उसने मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर में गेट के पास खड़ी की थी तथा कुछ समय बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

इसी प्रकार दिनांक 21 अगस्त 2026 को फरियादी दीपक नट निवासी ग्राम सुमराखेड़ी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके जीजा की हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP-44-MT-4496 जिला अस्पताल परिसर के टीनशेड के नीचे से चोरी हो गई। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी द्वारा तत्काल आरोपियों की पतारसी एवं चोरी गए वाहनों की बरामदगी के निर्देश दिए गए।

👮‍♂️ त्वरित कार्रवाई से सामने आया मोटरसाइकिल चोरी का नेटवर्क

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध CCTV फुटेज, तकनीकी जानकारी एवं मैदानी सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पतारसी की गई। लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम संदिग्ध आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही तथा 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों से मोटरसाइकिल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें एवं 2 मोटरसाइकिलों के कटे हुए चेसिस बरामद किए गए।

🏍️ चोरी की बाइक काटकर अलग-अलग हिस्सों में बेचने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को उज्जैन रोड स्थित आऊ माता कॉलोनी क्षेत्र में फैजान के प्लॉट पर बने टीनशेड में ले जाकर कटर आदि की मदद से काटते एवं उनके अलग-अलग हिस्से कर आगे बेचने का प्रयास करते थे।

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से निम्न मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं—

TVS Sport – क्रमांक MP-13-DP-1871

Hero HF Deluxe

Hero HF Deluxe

Hero Splendor

Hero HF Deluxe – काले रंग की

2 मोटरसाइकिलों के चेसिस

कुल कीमती – लगभग ₹ 3,50,000/- का मशरूका जप्त किया गया।

बरामद वाहनों की पहचान एवं उनके वास्तविक मालिकों के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है।

💰 महंगी जीवनशैली बनाए रखने के लिए चोरी का रास्ता अपनाया

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा यह बताया गया कि महंगे मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल एवं अपनी जीवनशैली को बनाए रखने के लिए वे मोटरसाइकिल चोरी करने लगे थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग करने एवं बेचने के माध्यम से आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं, उनके संभावित साथियों तथा चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

⚖️ पुलिस रिमांड पर आरोपी, अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं तथा चोरी के वाहनों के निस्तारण के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे एवं चोरी की संपत्ति की बरामदगी की संभावना है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना कोतवाली निरीक्षक नागेश यादव, सहायक उप निरीक्षक, कालूराम मंडावर, प्रधान आरक्षक 25 मानवेंद्र गुर्जर, प्रधान आरक्षक 134 आनंद पडया, प्रधान आरक्षक 212 दिलीप कुमार मालवीय, प्रधान आरक्षक 143 गिरजा शंकर त्रिपाठी, आरक्षक 03 दीपक सोलंकी, आरक्षक 189 परवेज, आरक्षक 59 अमन खान एवं रवि दोहरे की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

keyboard_arrow_up
Skip to content