जनविश्वास अभियान 2026 

डोंगरगांव में जनविश्वास शिविर—पुलिस एवं प्रशासन ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

कलेक्टर एवं एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत “हर शुक्रवार जनता के नाम” की भावना के साथ थाना सोयत क्षेत्र के ग्राम डोंगरगांव में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, जिला पंचायत सीईओ सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में एसडीएम सुसनेर श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी सुसनेर श्री देवनारायण यादव, जनपद सीईओ सुसनेर श्री अभिषेक यादव सहित विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिन पर अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए समयबद्ध एवं शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

👮‍♂️ पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं पुलिस से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाएगा।

एसपी श्री सोनी ने ग्रामीणों से साइबर अपराधों से सतर्क रहने, नशे एवं अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग मजबूत होने से क्षेत्र में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण और अधिक प्रभावी ढंग से कायम किया जा सकता है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखें, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें तथा पुलिस से संबंधित शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोनी सहित अधिकारियों द्वारा ग्राम में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया। उचित मूल्य दुकान पर हितग्राहियों से संवाद कर राशन वितरण एवं उपलब्धता की जानकारी ली गई। वहीं आरोग्य मंदिर एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, पोषण आहार, टीकाकरण एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई।

🤝 जनप्रतिनिधियों की भी रही सहभागिता

शिविर में भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ओम मालवीय, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री चिंतामन राठौर, श्री दिलीप सकलेचा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुसनेर, जिला पंचायत सदस्य श्री कालूसिंह, पूर्व विधायक सुसनेर श्री राणा विक्रम सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोयत श्री अमित नागर सहित ग्राम सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनविश्वास शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त हुई तथा अपनी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष सीधे रखने का अवसर मिला।

जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जनविश्वास अभियान को पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानते हुए ग्रामीणों से निरंतर संवाद, सहयोग एवं विश्वास बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।

🤝 जनता का विश्वास • पुलिस-प्रशासन का संवाद • त्वरित समाधान

keyboard_arrow_up
Skip to content