🛡️ अंतरराज्यीय चड्डी-बनियान चोर गिरोह पर आगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 02 आरोपी गिरफ्तार, करीब ₹09 लाख का चोरी का मशरूका बरामद

➡️ अटल कॉलोनी चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूर्व की चोरी की वारदातों का भी हुआ खुलासा, विनायक सिटी एवं अरिहंत वैली की चोरियों का मशरूका बरामद

➡️ CCTV, टोल नाकों, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र के जरिए गिरोह तक पहुंची पुलिस; गिरोह के अन्य 05 सदस्यों की तलाश जारी, शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास तेज

आगर-मालवा। थाना कोतवाली आगर क्षेत्र के अटल कॉलोनी स्थित एक सुनसान मकान में दिनांक 22-23 अगस्त 2026 की दरमियानी रात चड्डी-बनियान गिरोह द्वारा ताला तोड़कर नगदी एवं जेवरात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए मशरूका की बरामदगी के लिए सख्त निर्देश दिए गए। निर्देशों के क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन एवं SDOP आगर श्री मोतीलाल कुशवाह के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नागेश यादव के नेतृत्व में विवेचना अधिकारी निरीक्षक दिलीप कटारा एवं पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए लगातार एवं योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए गए।

प्रकरण क्रमांक 463/2026, धारा 331(4), 305(ए) BNS

🔎 CCTV से टोल नाकों तक, हर कड़ी को जोड़ा

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश में आगर सहित विभिन्न जिलों में लगातार भ्रमण कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। घटना से जुड़े CCTV फुटेज खंगाले गए, टोल नाकों से संबंधित जानकारी जुटाई गई, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस को गिरोह के एक सदस्य कैल सिंह के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक एवं लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम ने दिनांक 12 सितंबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे कैल सिंह को गिरफ्तार किया।

👤 पहली गिरफ्तारी से सामने आईं पूर्व की चोरी की वारदातें

गिरफ्तार आरोपी कैल सिंह पिता डूडिया बामनिया, जाति भील, निवासी छढ़ावत, थाना टांडा, जिला धार से आगर क्षेत्र में की गई चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने पिछले वर्ष दशहरा पर्व से दो दिन पूर्व विनायक सिटी एवं अरिहंत वैली में सुनसान मकानों के ताले तोड़कर जेवरात एवं नगदी चोरी करना स्वीकार किया। इन घटनाओं के संबंध में थाना कोतवाली आगर में अपराध क्रमांक 0479/2025 एवं 0475/2025, धारा 331(4), 305(ए) BNS पंजीबद्ध हैं।

आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर 10 दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड के दौरान चोरी के माल, पूर्व की वारदातों एवं गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई।

🏠 पूछताछ में मिली जानकारी से चोरी का मशरूका बरामद

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी कैल सिंह ने बताया कि अटल कॉलोनी की चोरी सहित पूर्व की चोरी का मशरूका उसकी बहन रायकु पति सुअरसिंह मोहनिया, निवासी ग्राम पोहा, थाना उदयगढ़, जिला अलीराजपुर के पास रखा गया है। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल उसके घर दबिश दी गई और दिनांक 18 सितंबर 2026 को रायकु को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में रायकु द्वारा पूर्व में अरिहंत वैली एवं विनायक सिटी से चोरी किया गया सामान अपने घर पर रखना बताया गया, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत जप्त किया गया। इस कार्रवाई से अटल कॉलोनी की चोरी के साथ पूर्व में हुई चोरी की वारदातों की विवेचना में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

💰 करीब ₹ 09 लाख का चोरी का मशरूका बरामद

पुलिस द्वारा तीन चोरी के प्रकरणों से संबंधित निम्न मशरूका बरामद किया गया—

अपराध क्रमांक 479/2025 से संबंधित:

सोने का हार, सोने के झैले, सोने की चैन, सोने का लॉकेट, सोने का नाक का कांटा, चांदी का नारियल, बिछुड़िया, चांदी की अंगूठियां, चांदी के सिक्के एवं चांदी की चैन।

अपराध क्रमांक 463/2026 से संबंधित:

चांदी के कड़े, पायजेब, सिक्के, अंगूठी, चांदी का कमर का लूम एवं चांदी की चैन।

अपराध क्रमांक 475/2025 से संबंधित:

सोने की नथ एवं सोने का कांटा।

कुल बरामद मशरूका: लगभग 4.5 तोला सोना, कीमत करीब ₹7.50 लाख एवं 650 ग्राम चांदी, कीमत करीब ₹1.50 लाख, कुल अनुमानित कीमत ₹09 लाख।

👥 गिरफ्तार आरोपी

1. कैल सिंह पिता डूडिया बामनिया, जाति भील, निवासी छढ़ावत, थाना टांडा, जिला धार।

2. रायकु पति सुअरसिंह मोहनिया, जाति भील, निवासी ग्राम पोहा, थाना उदयगढ़, जिला अलीराजपुर।

 

🔍 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी

पूछताछ के दौरान आरोपी कैल सिंह द्वारा गिरोह में शामिल अन्य 05 व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार पर उनकी तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश एवं संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर प्रकरण में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ अभी जारी है। पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की वारदातों, चोरी के शेष मशरूका एवं गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।

⭐ लगातार प्रयासों से मिली महत्वपूर्ण सफलता

आगर पुलिस द्वारा इस पूरे प्रकरण में CCTV फुटेज के विश्लेषण, टोल नाकों से जानकारी जुटाने, तकनीकी साक्ष्यों के परीक्षण, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने तथा विभिन्न जिलों में लगातार भ्रमण करते हुए आरोपियों की तलाश की गई। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्राप्त जानकारी को विवेचना की अगली कड़ी से जोड़ते हुए पुलिस टीम ने चोरी के माल के संभावित ठिकाने तक पहुंच बनाई और करीब ₹09 लाख का मशरूका बरामद करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

👮 सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव के नेतृत्व में विवेचना अधिकारी निरीक्षक दिलीप कटारा, सउनि सरदार सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील पटेल, प्रधान आरक्षक आनंद पांडे एवं आरक्षक दीपक सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

keyboard_arrow_up
Skip to content