*_”SAFE CLICK-2026″ साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ, साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना_*
_मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान “SAFE CLICK-2026” का शुभारंभ आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय आगर मालवा के मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया।_
_कार्यक्रम में जिले के सम्माननीय पत्रकार बंधु, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक राखी गुर्जर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा उपस्थितजनों को संबोधित किया गया।_
_अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं तथा आमजन ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, निवेश संबंधी ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक एवं विभिन्न साइबर अपराधों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि “SAFE CLICK-2026” अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene) को बढ़ावा देना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार विकसित करना तथा इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।_
_इसके पश्चात माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा पुलिस मुख्यालय भोपाल से राज्य स्तरीय “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसका सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से प्रदेश के समस्त जिलों में देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं ने उक्त प्रसारण का अवलोकन किया।_
_तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ आगामी 15 दिवस तक जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, साइबर स्वच्छता, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के संबंध में जागरूक करेगा।_
_कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि यह अभियान आगामी 15 दिवस तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत जिलेभर में साइबर चौपाल, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, शैक्षणिक संस्थानों में संवाद कार्यक्रम, पेम्फलेट वितरण, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।_
_कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार बोयट, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी कोतवाली आगर शशि उपाध्याय, निरीक्षक प्रहलाद सिंह दलोदिया, सूबेदार जगदीश यादव, जिले के सम्माननीय पत्रकार बंधु, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहित लगभग 80 प्रतिभागी उपस्थित रहे।_





