⚡ 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन से तार चोरी के प्रयास का पुलिस ने किया पर्दाफाश — त्वरित कार्रवाई में 4 आरोपी गिरफ्तार
▶️ रात्रि में निर्माणाधीन विद्युत ट्रांसमिशन लाइन से तार काटकर चोरी करने का प्रयास विफल, सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता एवं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चार आरोपी मौके से गिरफ्तार।
▶️ घटनास्थल से अर्टिगा वाहन जब्त, पूर्व में हुई तार चोरी की घटना से भी जुड़े हो सकते हैं आरोपी; फरार साथियों की तलाश जारी।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा सार्वजनिक संपत्ति एवं महत्वपूर्ण विद्युत परियोजनाओं की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए निर्माणाधीन 220 केवी ट्रांसमिशन विद्युत लाइन से तार चोरी करने वाले गिरोह के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई है। थाना कोतवाली आगर में अपराध क्रमांक 427/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
फरियादी राकेश सिंह लोधी, जो उक्त परियोजना में लेबर कॉन्ट्रेक्टर के रूप में कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक्मे सोलर होल्डिंग लिमिटेड द्वारा करणीमाता कंस्ट्रक्शन के माध्यम से उदयपुर, भदवासा से पचौरा तक लगभग 27 किलोमीटर लंबी 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
दिनांक 01 अगस्त 2026 की रात्रि लगभग 12:00 बजे, ग्राम लसुल्डी स्थित डुबकिया डोज तालाब के समीप परियोजना में तैनात सुरक्षा कर्मियों को विद्युत तार काटने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि 10-12 अज्ञात व्यक्ति ट्रांसमिशन लाइन के तार काट रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल अन्य कर्मचारियों, प्रोजेक्ट प्रबंधन एवं पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चारों ओर घेराबंदी की गई।
पुलिस एवं परियोजना कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप चार आरोपियों को एक अर्टिगा वाहन सहित मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर कटे हुए विद्युत तार लेकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ की।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि दिनांक 30 जुलाई 2026 को इसी निर्माणाधीन ट्रांसमिशन लाइन से लगभग 600 से 700 मीटर विद्युत तार चोरी किए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹5 लाख है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की गहन जांच कर रही है ।
गिरफ्तारशुदा आरोपी
1.जसवंत पिता प्रेम नारायण जाति राठौड़ (तेली) उम्र 21 साल निवासी सागडिया थाना मोहन बड़ोदिया।
2.उदयसिंह पिता कंवरलाल जाति मेघवाल उम्र 18 साल निवासी काशीबरड्डीया आगर।
3.विशाल पिता दीपक जाति गवली उम्र निवासी ब्लॉक कॉलोनी आगर
4.गोविंद पिता नारायण जाति सेन राजीव गांधी कॉलोनी आगर
जप्तशुदा संपत्ति –
1. वाहन – मारुति आर्टिगा क्रमांक MP13AK4140 कीमती लगभग ₹10 लाख
2. 300 मीटर एल्यूमिनियम वायर कीमती लगभग ₹5 लाख
कुल कीमती लगभग ₹15 लाख का मशरूका
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित किए गए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गए विद्युत तारों की बरामदगी तथा पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
विद्युत ट्रांसमिशन लाइन, शासकीय अधोसंरचना एवं सार्वजनिक संपत्ति से छेड़छाड़ अथवा चोरी जैसे अपराध अत्यंत गंभीर प्रकृति के हैं। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सराहनीय भूमिका – निरीक्षक शशि उपाध्याय, उप निरीक्षक दिलीप कटारा, प्र आर वकार अली, कृष्णपाल यादव, डायल 112 का चालक अरविन्द दांगी की भूमिका सराहनीय रही।





