“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित — खेल के माध्यम से युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संदेश

चारों विकासखंडों की टीमों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आगर l मोतीलाल कुशवाह के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन शैली अपनाने का संदेश देना था।

प्रतियोगिता में जिले के चारों विकासखंडों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद विकासखंड बड़ौद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि विकासखंड आगर की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को टी-शर्ट, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करते हैं, जबकि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़े रहें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने साथियों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। खेल का मैदान युवाओं को सफलता का मार्ग दिखाता है, जबकि नशा उन्हें लक्ष्य से भटका देता है। इसलिए प्रत्येक युवा को खेल, शिक्षा और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाकर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं नागरिकों से “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संदेश अपनाने तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक स्वयं जागरूक बने और दूसरों को भी इस दिशा में प्रेरित करे।

कार्यक्रम में रेम सिंह चौहान, सोनू पाटीदार (ग्रामीण युवा समन्वयक), शिवांश कौशल (मलखंभ प्रशिक्षक), जितेंद्र चंदेल, अजय चौधरी, सुंदर यादव, राहुल प्रजापति, महेश पाटीदार सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनके सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न हुआ।

जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को जागरूक कर नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

keyboard_arrow_up
Skip to content