“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिला जनसहभागिता का व्यापक समर्थन — विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हजारों नागरिकों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिलाओं, ग्रामीणों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना सोयत कला द्वारा विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, सोयत कला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 600 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के भविष्य, परिवार और समाज को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।
थाना कोतवाली द्वारा पीएम श्री स्कूल, पालखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुनीता परिहार ने लगभग 400 विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे के दुष्प्रभावों एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक कमल सिंह राठौर, प्राचार्य के. मालवीय, शगुफ्ता सुल्ताना एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति के संदेश के साथ पौधारोपण भी किया गया।
पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा सत्यम पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 विद्यार्थियों ने पेंटिंग, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्राचार्य मुकेश राव, शिक्षक भूपेंद्र सिंह राठौर, आरक्षक लाखन सिंह राठौर एवं आरक्षक महेश पचलानिया उपस्थित रहे।
थाना नलखेड़ा द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से क्षेत्र के आमजन तक “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का संदेश पहुँचाया गया। इसके साथ ही आंगनवाड़ी बागरीखेड़ा में भी विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। थाना प्रभारी नागेश यादव द्वारा छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश भी दिया गया।
चौकी बड़ागांव में ग्राम कोटवारों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए समाज में जनजागरूकता फैलाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
वहीं थाना कानड़ द्वारा बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त शासकीय अस्पताल कानड़ में चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
जिला पुलिस आगर मालवा का मानना है कि नशे के विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता ही नशामुक्त समाज की मजबूत नींव है। विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, अस्पतालों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ रहे हैं।
जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-आंदोलन बनाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।
🚭 “ज़िंदगी को हाँ… नशे को ना।”





