“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जनसहभागिता का मिला व्यापक समर्थन — विद्यालयों, नगर एवं ग्राम रक्षा समितियों, हाट-बाज़ारों और सार्वजनिक स्थलों पर हजारों नागरिकों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों, नगर एवं ग्राम रक्षा समितियों, हाट-बाज़ारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

थाना सोयत कला द्वारा कालिदास अकादमी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 500–600 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया।

इसी प्रकार ग्राम चांपाखेड़ा स्थित शासकीय हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 90–100 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। प्राचार्य बी.के. पाटीदार की उपस्थिति में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली।

थाना नलखेड़ा द्वारा थाना प्रभारी नागेश यादव के नेतृत्व में नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में नागरिकों से समाज में जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

थाना कानड़ में ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया।

थाना बड़ोद द्वारा नगर रक्षा समिति एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित सदस्यों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वयं नशे से दूर रहने, समाज में जनजागरूकता फैलाने तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने एवं अपने-अपने क्षेत्रों में नशामुक्त वातावरण बनाने की अपील की गई।

चौकी पीपलोन, थाना कोतवाली द्वारा हाट-बाज़ार में ग्रामीणों, व्यापारियों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पहुँचकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा स्वयं एवं अपने परिवार को नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई गई।

वहीं थाना सोयत कला परिसर में नगर रक्षा समिति के सदस्यों एवं थाना स्टाफ ने भी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत नशामुक्त समाज निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

जिला पुलिस आगर मालवा का मानना है कि नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार जागरूक समाज और जनसहभागिता है। जब विद्यार्थी, शिक्षक, व्यापारी, ग्रामीण, नगर एवं ग्राम रक्षा समितियाँ तथा आम नागरिक एक साथ नशामुक्त समाज का संकल्प लेते हैं, तभी अभियान अपने उद्देश्य की ओर सार्थक रूप से अग्रसर होता है।

जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आइए, मिलकर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।

keyboard_arrow_up
Skip to content