“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत बड़ी सफलता — ₹10-10 हजार के उद्घोषित इनामी दो एनडीपीएस आरोपी गिरफ्तार
मादक पदार्थों की तस्करी पर जिला पुलिस का कड़ा प्रहार, लंबे समय से फरार दोनों आरोपी घेराबंदी कर गिरफ्तार किए गए
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जनजागरूकता के साथ-साथ मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं तस्करों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई भी लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बड़ौद रूपसिंह बेस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे ₹10,000 के उद्घोषित इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
थाना बड़ौद के अपराध क्रमांक 126/2026 में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट तथा विवेचना के दौरान बढ़ाई गई धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत फरार चल रहे ₹10,000-₹10,000 के उद्घोषित इनामी आरोपी गबसिंह उर्फ गब्बर सोधिया (35 वर्ष), निवासी आमलिया, थाना बड़ौद एवं महेन्द्रसिंह पिता कालुसिंह सोधिया (24 वर्ष), निवासी सिंगलिया, थाना बड़ौद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। विश्वसनीय मुखबिर से आरोपियों के ग्राम सिंगलिया में होने की सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी बड़ौद निरीक्षक रुपसिंह बैस के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं उनसे जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ एवं विवेचना की कार्रवाई सतत जारी है। जिला पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के दौरान न केवल जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, बल्कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं नशा कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध भी कठोर एवं निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. गबसिंह उर्फ गब्बर सोधिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी आमलिया, थाना बड़ौद।
2. महेन्द्रसिंह पिता कालुसिंह सोधिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी सिंगलिया, थाना बड़ौद।
सराहनीय भूमिका
इस कार्यवाही में निरीक्षक रुपसिंह बैस, उप निरीक्षक विजयकुमार शुक्ला, सउनि रामप्रकाश पुष्पद, प्रधान आरक्षक प्रवीण यादव, प्रधान आरक्षक उपेन्द्रसिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप भाटी, प्रधान आरक्षक अर्जुन बागड़ी, प्रधान आरक्षक रामसेवक मीणा, आरक्षक पोपसिंह, आरक्षक श्रीपालसिंह देवड़ा, आरक्षक गोवर्धन दांगी, आरक्षक भीमसिंह, आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत एवं महिला आरक्षक वंदना सेन की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।





