ईद-उल-अज़हा पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग
▶️ शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में त्योहार सम्पन्न कराने हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
▶️ संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, पेट्रोलिंग एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
▶️*शांति व्यवस्था एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने हेतु पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश*
आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा सहित जिले के थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने एवं आमजन में सुरक्षा का वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता रखी जाए तथा नियमित भ्रमण, पेट्रोलिंग एवं चेकिंग के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखने, भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने एवं अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से समन्वय स्थापित कर आपसी संवाद बनाए रखने तथा त्योहार के दौरान सामंजस्यपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा डायल-100/112 एवं मोबाइल पुलिस टीमों को त्वरित रिस्पॉन्स हेतु सक्रिय रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संवेदनशीलता एवं सजगता के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि ईद-उल-अज़हा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।





