🚔 पुलिस लाइन आगर में साप्ताहिक जनरल परेड सम्पन्न — अनुशासन, दक्षता और टीम भावना पर विशेष जोर

निरीक्षण के साथ संवेदनशील पहल — पुलिस अधीक्षक ने पक्षियों हेतु दाना-पानी व्यवस्था के दिए निर्देश

आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में जिला पुलिस लाइन आगर में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई तथा परेड में उत्कृष्ट टर्न-आउट एवं अनुशासन प्रदर्शित करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया, जिससे पुलिस बल का मनोबल एवं उत्साह बढ़ा। परेड का संचालन सूबेदार जगदीश यादव द्वारा किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, समय-पालन, टीमवर्क एवं प्रोफेशनल पुलिसिंग दक्षता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

परेड अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कदम से कदम मिलाकर परेड अभ्यास किया गया, जिसमें अनुशासन, तालमेल एवं त्वरित प्रतिक्रिया की उत्कृष्ट झलक देखने को मिली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जवानों को सेल्फ ओरिएंटेड कमांड की सिखलाई प्रदान की गई, जिससे नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने पर बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमता एवं मानसिक दृढ़ता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम के क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री सिंह द्वारा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया गया जिसमें मातृकुंज वाटिका, पार्किंग क्षेत्र, व्यायामशाला (जिम) और SAF के बैरिक का निरीक्षण सम्मिलित रहा। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, वृक्षों की देखरेख, जल प्रबंधन और उपकरणों के समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि लाइन परिसर की स्वच्छता और सुव्यवस्था से जवानों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों प्रभावित होते हैं, अतः सभी व्यवस्थाओं को उच्चतम मानकों पर बनाए रखा जाए।

गर्मी के वर्तमान मौसम को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर में पक्षियों के लिए दाना एवं पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए तथा इसे निरंतर जारी रखने हेतु भी बल दिया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया जा सके।

इसके पश्चात शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए हथियारों की स्थिति, सुरक्षा मानकों एवं अभिलेखों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत ऑर्डरली रूम (O.R.) आयोजित कर 05 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया एवं उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित निर्देश प्रदान किए गए। इस जनरल परेड आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, समस्त थाना प्रभारीगण सहित लगभग 120 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से जनसेवा के प्रति संवेदनशील, ईमानदार एवं सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने का आह्वान किया तथा कहा कि अनुशासन और प्रोफेशनल कार्यशैली ही पुलिस की सशक्त एवं विश्वसनीय छवि का आधार है।

keyboard_arrow_up
Skip to content