➡️ पुलिस लाइन आगर में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन, पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण कर उत्कृष्ट टर्नआउट वालों को किया पुरस्कृत
➡️ आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस बल ने किया बलवा ड्रिल अभ्यास, भीड़ नियंत्रण की रणनीतियों का किया प्रदर्शन
➡️ “शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का सर्वोच्च दायित्व” – पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह
पुलिस लाइन आगर मालवा परिसर में आज दिनांक 13 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासित प्रदर्शन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। परेड के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा अनुशासित कदमताल, शारीरिक दक्षता एवं परेड अभ्यास का प्रदर्शन किया गया। परेड का संचालन सूबेदार जगदीश यादव एवं सूबेदार जितेंद्र शुक्ला द्वारा किया गया।
परेड के उपरांत आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस बल की तैयारियों का परीक्षण करने के उद्देश्य से बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में सामूहिक परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना, भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रणनीतियों का अभ्यास करना रहा।
बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा विभिन्न परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण की तकनीकों का अभ्यास किया गया, जिसमें स्मोक गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड एवं वज्र वाहन का उपयोग कर मॉक अभ्यास किया गया। ड्रिल के दौरान कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा बलवाईयों की भूमिका निभाई गई, जिन पर नियंत्रण करने हेतु पुलिस बल द्वारा अनुशासित लाठीचार्ज, टियर गैस का प्रयोग तथा भीड़ नियंत्रण की रणनीतियों का व्यावहारिक अभ्यास किया गया। साथ ही बल प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम हो सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस का दायित्व केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना भी है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को सतर्कता, संयम और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि सभी नागरिक अपने त्योहार सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मना सकें।” उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में पुलिस बल को त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया गया तथा शस्त्रों के रखरखाव एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा ओ.आर. (Orderly Room) आयोजित किया गया, जिसमें 12 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं शासकीय समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुसनेर देवनारायण यादव, समस्त थाना प्रभारी सहित जिले के 120 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगर मालवा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे आगामी त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से तत्पर है।





