आगर मालवा जिले में रंगपंचमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न
👮♂️ व्यापक पुलिस व्यवस्था, ड्रोन-सीसीटीवी निगरानी और सतत मॉनिटरिंग से सफल रहा गैर आयोजन
🌸 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, उपहार देकर दी शुभकामनाएं
आगर मालवा जिले में रंगपंचमी का पर्व इस वर्ष भी हर्षोल्लास, उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक गैर (जुलूस) निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। जिले के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों तथा गैर के मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पूरे जिले में शांति एवं व्यवस्था बनी रही तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
पुलिस द्वारा गैर के संपूर्ण मार्ग एवं प्रमुख स्थानों की वीडियोग्राफी करवाई गई तथा ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी गई, जिससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर बनी रही। पुलिस बल द्वारा लगातार गश्त करते हुए स्थिति पर नियंत्रण रखा गया। जिलेभर में लगभग 550 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे, जिन्होंने पूरी सतर्कता एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया।
रंगपंचमी गैर के शांतिपूर्ण समापन के पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की डिब्रीफिंग की गई, जिसमें उन्होंने ड्यूटी के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए पुलिस बल की सतर्कता एवं समन्वय की सराहना की। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।
इसी अवसर पर आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा जिला पुलिस की महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति और संवेदनशीलता का प्रतीक हैं तथा पुलिस विभाग में महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस कर्मी न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा, विश्वास एवं न्याय सुनिश्चित करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ने महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनके ड्यूटी अनुभवों के बारे में चर्चा की तथा उन्हें आगे भी आत्मविश्वास, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में महिला कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से व्यवस्था और अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनती है।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे आगे भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नागरिकों के सहयोग एवं पुलिस की सतर्कता के कारण ही यह पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सका।





