एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई—अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का सशक्त प्रहार

अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में बड़ी सफलता—एमडी ड्रग्स फैक्ट्री और तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश को ड्रग-मुक्त बनाने के संकल्प के अनुरूप तथा मध्यप्रदेश को नशा-विहीन राज्य बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रदेशव्यापी अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन श्री उमेश जोगा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक, उज्जैन रेंज श्री नवनीत भसीन द्वारा जिला आगर मालवा में मीटिंग ली गई जिसके दौरान ड्रग माफिया और तस्करी के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस अधीक्षक आगर मालवा विनोद कुमार सिंह द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को एनडीपीएस एक्ट सहित गंभीर प्रकरणों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं संगठित तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए थे।

उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशि उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोतवाली आगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध सघन, योजनाबद्ध एवं सख्त कार्रवाई की गई है।

प्रकरण का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 20 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली आगर में अपराध क्रमांक 32/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर आगर–सुसनेर रोड स्थित आमला क्षेत्र में घेराबंदी कर फैजान पिता अब्दुल मन्नान, निवासी नुरानी नगर सुसनेर, को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 330 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (एमडीए ड्रग्स), जिसकी अनुमानित कीमत ₹33 लाख, तथा एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया गया। संपूर्ण कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का विधिवत पालन करते की गई।

अनुसंधान के दौरान आरोपी की निशानदेही पर अंतर्राज्यीय स्तर पर बड़ी दबिश

गिरफ्तारी के पश्चात पूछताछ के दौरान आरोपी फैजान द्वारा बताए आधार पर यह तथ्य उजागर हुआ कि मादक पदार्थों की आपूर्ति राजस्थान के झालावाड़ जिले से की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 28 जनवरी 2026 की रात्रि के समय, आगर मालवा पुलिस द्वारा लगभग 80 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बल के साथ ग्राम घाटा खेड़ी, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) में सुनियोजित दबिश दी गई।

दबिश के दौरान आरोपी ताहिर खान के निवास पर बाहर से ताला लगे होने के कारण पुलिस बल द्वारा सतर्कता एवं विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए घर में प्रवेश किया गया, जहां आरोपी के परिजन शाहीर खान एवं मुनव्वर खान उर्फ राजा द्वारा संदिग्ध केमिकल छिपाने का प्रयास किया जा रहा था, जिन्हें मौके पर ही रोक लिया गया और दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थ वो अन्य सामग्री जप्त की गई।

गिरफ्तारशुदा आरोपी

1. शाहीर पिता हामिद खान उम्र 46 साल निवासी घाटाखेड़ी जिला झालावाड़ राजस्थान
2. मुनव्वर खान उर्फ़ राजा पिता हामिद खान उम्र 40 साल निवासीघाटाखेड़ी जिला झालावाड़ राजस्थान

करोड़ों रुपये की मादक सामग्री व उपकरण जप्त

तलाशी के दौरान निम्न सामग्री जप्त की गई—
* लगभग 1 किलोग्राम स्मैक
* लगभग 2 किलोग्राम एमडी ड्रग्स
* लगभग 2 किलोग्राम क्रिस्टलनुमा केमिकल (केटामाइन)
* 25 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन
* सोडियम कार्बोनेट लगभग 5 किलोग्राम
* अमोनियम नाइट्रेट लगभग 7 किलोग्राम
* एमडी ड्रग निर्माण में प्रयुक्त मशीन, 02 ड्रम
* 07 मोबाइल फोन
* 02 हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एक जैसे नंबर)
* 01 भरमार गन एवं 01 एयर गन

जप्त समस्त मादक पदार्थ, केमिकल, हथियार एवं उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹5 करोड़ आँकी गई है।

संवेदनशीलता एवं कानून-व्यवस्था का विशेष ध्यान

उक्त कार्यवाही के दौरान राजस्थान पुलिस से प्रभावी समन्वय एवं सहयोग प्राप्त किया गया। अंतर्राज्यीय स्तर पर सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, सतत संपर्क एवं संयुक्त रणनीति के माध्यम से कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
आरोपी के निवास स्थल पर दबिश के समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस द्वारा सुबह से पूर्व संपूर्ण कार्यवाही को पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं योजनाबद्ध तरीके से संपन्न कर जप्त मश्रुका एवं संबंधित व्यक्तियों के साथ सुरक्षित रूप से वापसी सुनिश्चित की गई।

इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि आगर मालवा पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध न केवल जिले में, बल्कि अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय संगठित गिरोहों पर भी प्रभावी प्रहार कर रही है। प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच जारी है तथा भविष्य में भी अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय, आपसी सामंजस्य एवं सहयोग के साथ इस प्रकार की कठोर एवं सतत कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content