24 अगस्त को निकलेगी बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी

🛣️ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए पुलिस-प्रशासन की विशेष व्यवस्था—डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान जारी

प्रतिवर्षानुसार श्रावण माह के अंतिम सोमवार, दिनांक 24 अगस्त 2026 को बाबा बैजनाथ महादेव की भव्य शाही सवारी आगर नगर में निकाली जाएगी। शाही सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना को देखते हुए जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात कार्ययोजना तैयार की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ शाही सवारी के मार्ग, मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, डायवर्जन पाइंट, स्टॉपेज, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं दायित्व निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाही सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए भीड़ के सुचारु आवागमन, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मंदिर एवं शाही सवारी मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहनों का प्रवेश न हो, निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग कराया जाए तथा डायवर्जन व्यवस्था को आवश्यकता अनुसार तत्काल लागू किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क एवं तैयार रखा जाए तथा सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं की निगरानी करें। साथ ही यातायात बाधित होने की स्थिति में त्वरित निर्णय लेकर वैकल्पिक मार्ग एवं डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शाही सवारी के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नागेश यादव, यातायात प्रभारी सौरभ सिंह चौहान एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा निर्धारित मार्गों, पार्किंग स्थलों, डायवर्जन एवं स्टॉपेज पाइंट पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

🚩 मंदिर परिसर में प्रवेश व्यवस्था

बाबा बैजनाथ मंदिर के मुख्य द्वार से समस्त वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य द्वार से केवल पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा।

सोयत, सुसनेर एवं कोटा रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन निपानिया जोड़ से निपानिया पंचायत भवन होते हुए बैजनाथ मंदिर की नवीन पार्किंग में पार्क कर सकेंगे।

शाजापुर, सारंगपुर एवं कानड़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जेल के पीछे पार्किंग एवं हेलीपेड पार्किंग निर्धारित की गई है। जेल के पीछे ट्रैक्टर, पिकअप, लोडिंग वाहन एवं बस तथा हेलीपेड पार्किंग में कार एवं दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

उज्जैन, आगर शहर एवं बड़ौद रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पाटीदार हॉस्टल, जेल के पास टर्निंग, सांई प्वाइंट के सामने तथा औद्योगिक क्षेत्र रोड-1/2 से निर्धारित मार्गों के अनुसार आवागमन की व्यवस्था रहेगी।

पुरानी कृषि मंडी में भंडारा-प्रसादी में आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन बस स्टैंड एवं ईदगाह पार्किंग में पार्क करेंगे। बड़ौद चौराहे की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन थाना कोतवाली परिसर मैदान में पार्क कर सकेंगे।

बुजुर्ग, बीमार एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य द्वार से ऑटो के माध्यम से प्रवेश की अनुमति रहेगी।

🅿️ निर्धारित पार्किंग स्थल

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निम्न प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—

नेशनल हाईवे पर पाटीदार हॉस्टल के पास

नवीन अजाक थाना के पास

हेलीपेड पार्किंग

वेयरहाउस पार्किंग

कसाई देहरिया मार्ग स्थित मेला ग्राउंड

श्रद्धालुओं से अपील है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें।

🚦 डायवर्जन एवं स्टॉपेज व्यवस्था

शाही सवारी प्रारंभ होने एवं यातायात की स्थिति के अनुसार बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर उन्हें निर्धारित डायवर्जन मार्गों से निकाला जाएगा। सवारी के दौरान बैरिकेडिंग एवं स्टॉपेज पाइंट पर कुछ समय के लिए वाहनों को रोका जा सकता है।

कोटा/सुसनेर की ओर जाने वाले वाहन:
उज्जैन रोड पर तनोडिया से पिपलोन मार्ग की ओर डायवर्जन तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के पास स्टॉपेज।

उज्जैन की ओर जाने वाले वाहन:
आमला से नलखेड़ा एवं कानड़ मार्ग की ओर डायवर्जन तथा सुसनेर रोड पर गुरुकृपा ढाबे के सामने स्टॉपेज।

कानड़ से आगर आने वाले वाहन:
दुपाड़ा/पचलाना जोड़ से आमला की ओर डायवर्जन तथा नेहरू पीजी कॉलेज के पास स्टॉपेज।

बड़ौद रोड से सुसनेर, झालावाड़, कोटा, नलखेड़ा एवं कानड़ की ओर जाने वाले वाहन:
झोंटा से बीजानगरी होते हुए सुसनेर रोड/नेशनल हाईवे की ओर डायवर्जन तथा पुलिस लाइन के सामने स्टॉपेज।

भ्याना रोड:
एमपीईबी के पास से बस स्टैंड की ओर डायवर्जन।

🛣️ वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था

कानड़-उज्जैन मार्ग पर आवश्यकता अनुसार कानड़ रोड–पुराना कलेक्ट्रेट–बालाजी पेट्रोल पंप–बैंक ऑफ इंडिया तिराहा–झंडा चौक–कॉटन प्रेस–अग्रवाल धर्मशाला तिराहा–जज साहब का बंगला मार्ग का उपयोग कराया जा सकेगा।

इसके अतिरिक्त परिस्थितियों के अनुसार कानड़ रोड–गुफा बड़ला मंदिर–लक्ष्मणपुरा–बड़ा तालाब–बस स्टैंड–एमपीईबी मार्ग भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।

🚫 नो व्हीकल एवं नो पार्किंग जोन

छावनी नाका क्षेत्र/चौराहा नो व्हीकल जोन रहेगा। यहां वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। वाहन पार्क करने के लिए निकटस्थ मांगलिक भवन पार्किंग का उपयोग किया जाए।

शाही सवारी के मार्ग पर किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करना अथवा पार्किंग करना प्रतिबंधित रहेगा। सभी श्रद्धालु बिना वाहन के शाही सवारी में सम्मिलित हों।

🍛 भंडारा स्थल पर व्यवस्था

पुरानी धान मंडी में आयोजित भंडारा-प्रसादी के लिए प्रवेश जयस्तंभ गेट की ओर से तथा निर्गम सब्जी मंडी गेट की ओर से रहेगा।

🛡️ जिला आगर मालवा पुलिस जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील करती है कि शाही सवारी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें, यातायात डायवर्जन एवं पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें तथा शाही सवारी के मार्ग को अनावश्यक रूप से बाधित न करें।

जिला पुलिस द्वारा शाही सवारी के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था में परिस्थितिजन्य परिवर्तन किया जा सकता है।

📞 पुलिस सहायता/आपात स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम आगर: 75876-22800

🚩 बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी—श्रद्धा और आस्था के साथ, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के संकल्प के साथ।

जिला पुलिस आगर मालवा
🛡️ सुरक्षित श्रद्धालु • सुगम यातायात • शांतिपूर्ण आयोजन

keyboard_arrow_up
Skip to content