➡️ सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु आगर मालवा पुलिस का 15 दिवसीय विशेष अभियान
➡️ 08 से 22 सितम्बर तक जिलेभर में यातायात नियम उल्लंघनकर्ताओं पर होगी सख्त कार्यवाही
➡️ जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन कार्यवाही से सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की पहल
प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें हो रही मृत्यु दर को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा प्राप्त निर्देशों के परिपालन में जिला आगर मालवा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के मार्गदर्शन में दिनांक 08 सितम्बर 2025 से 22 सितम्बर 2025 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाना तथा नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करना है।
प्रदेश स्तर पर सड़क दुर्घटनाओं के आँकड़े गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं। सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी ने हाल ही में प्रदेश का भ्रमण कर दुर्घटनाओं एवं मृत्युदर में हो रही लगातार वृद्धि पर चिंता व्यक्त की है। विश्लेषण से यह भी पाया गया है कि कई सड़क हादसे नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में यह अभियान जिलेभर में सख्ती और जागरूकता—दोनों स्तरों पर संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन चलाने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने, ओवरलोडिंग करने तथा बिना लाइसेंस, बिना फिटनेस एवं बिना परमिट के वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी थाना पुलिस व यातायात पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में नियम उल्लंघनकर्ताओं पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि केवल प्रवर्तन ही नहीं बल्कि जन-जागरूकता गतिविधियाँ भी निरंतर चलाई जाएं।
इसके अंतर्गत पुलिस बल द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों व आम नागरिकों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में बताया जाएगा। इसके अतिरिक्त शासन की राहवीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना एवं कैशलेस उपचार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि आमजन इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
अभियान के दौरान प्रतिदिन की गई कार्यवाहियों का विवरण मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा, जिससे आम नागरिक यातायात नियमों के प्रति सचेत हो सकें।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि—
“यातायात नियमों का पालन केवल दंड से बचने के लिए नहीं बल्कि स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा हेतु अनिवार्य है। सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की गारंटी है। आइए, सभी मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं और सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी बनाएं।”