पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने ग्राम देहरिया में दिया नशामुक्ति का संदेश — विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को दिलाई “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” की शपथ
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम देहरिया, थाना सोयत कला स्थित नीलकंठ हायर सेकेंडरी स्कूल में एक प्रभावी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और संस्कार को जीवन का आधार बनाने तथा नशे से सदैव दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही उपस्थित सभी नागरिकों से समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की अपील की।
इस अवसर पर लगभग 250 विद्यार्थियों सहित करीब 300 अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र बोयट, एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव, थाना प्रभारी , पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी, समाज सेवी आशीष शर्मा, प्रदीप सोनी नगर परिषद अध्यक्ष सुसनेर, विद्यालय संचालक पवन शर्मा, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जिला पुलिस आगर मालवा का उद्देश्य “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है। जिला पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें तथा नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
🚭 “ज़िंदगी को हाँ… नशे को ना।”





