पुलिस अधीक्षक का साइबर सुरक्षा पर वीडियो संदेश, विभिन्न विद्यालयों में “सेफ क्लिक” साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आगर मालवा पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक” साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 04.02.2025 को जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा वीडियो संदेश जारी कर फिशिंग व साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें, और किसी भी साइबर ठगी की शिकायत तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर करें।

साइबर सेल, महिला थाना व महिला सेल द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, आगर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री निशा रेड्डी, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाहा, साइबर सेल प्रभारी श्री जितेंद्र सिंह चौहान, सउनि सुश्री आशा लकवाल, प्रधान आरक्षक अमृत लाल, सुब्रतो शर्मा, वीरेंद्र सिंह व आरक्षक शैलेंद्र सिंह उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया सुरक्षा आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साइबर अपराध से संबंधित सच्ची घटनाएं साझा की गईं एवं मौखिक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया।

थाना प्रभारी श्री यशवंत राव गायकवाड़ व उनकी टीम द्वारा कालिदास हायर सेकेंडरी स्कूल, सोयत में साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात सुरक्षा व महिला सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। शासकीय कन्या हाई स्कूल, तनोडिया में सउनि सरदार सिंह परमार व अरविंद सिंह तोमर द्वारा साइबर सुरक्षा व ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। हिमालय एकेडमी, कानड़ में उनि अंतर सिंह कटारिया व हेड कांस्टेबल संतोष चावड़ा ने छात्रों को साइबर अपराधों के प्रकार, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग व बचाव के उपाय बताए।

केंद्रीय विद्यालय, आगर व दरबार कोठी स्कूल में उनि श्री श्रवण सिंह भाटी व प्रधान आरक्षक नरेंद्र माली ने सेफ क्लिक अभियान के तहत सुरक्षित इंटरनेट उपयोग व साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय समझाए। सउनि सुरेंद्र सिंह पंवार व उनकी टीम द्वारा मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़ोद में प्रोजेक्टर के माध्यम से पुलिस अधीक्षक महोदय के साइबर सुरक्षा संदेश को दिखाया गया। छात्रों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार व साइबर अपराधों के दुष्प्रभाव की जानकारी दी गई।

भारत माता स्कूल, नलखेड़ा में थाना प्रभारी श्रीमती शशि उपाध्याय, उ.नि. बाबूलाल बरेठा व प्रधान आरक्षक मनोज चौहान द्वारा डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया सुरक्षा व साइबर अपराधों से बचाव पर सत्र लिया गया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुसनेर में उनि दीपक विश्वकर्मा व उनकी टीम द्वारा साइबर सुरक्षा, फिशिंग से बचाव व साइबर ठगी से सुरक्षित रहने के तरीके बताए गए। सउनि दिनेश सिंह भदौरिया ने माध्यमिक विद्यालय बिजानगरी में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रकार व सुरक्षा उपायों के संबंध में जागरूक किया।

आगर मालवा पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहें, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, और ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर सेल में शिकायत करें।

“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें – सेफ क्लिक, सेफ इंटरनेट!”

keyboard_arrow_up
Skip to content