पिपलौन चौकी पुलिस को बड़ी सफलता — 11 वर्षों से फरार कुख्यात गो-तस्कर गिरफ्तार

⚖️ विभिन्न गो-तस्करी प्रकरणों में वांछित आरोपी पर न्यायालय से जारी थे 04 स्थाई वारंट

🔍 लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था आरोपी, घेराबंदी कर दबोचा गया

जिले में फरार स्थाई वारंटियों, गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत चौकी पिपलौन पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग 11 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात गो-तस्कर को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी आसिफ उर्फ आशिक पिता अनीस अली उम्र 32 वर्ष निवासी अयोध्या बस्ती आगर, हाल मुकाम बेगमबाग कॉलोनी उज्जैन के विरुद्ध थाना महिदपुर एवं थाना महिदपुर रोड जिला उज्जैन में गो-तस्करी से संबंधित विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी उज्जैन क्षेत्र में किराए का ऑटो चलाकर पहचान छुपाते हुए रह रहा था। आरोपी के विरुद्ध विभिन्न प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा 04 स्थाई वारंट जारी किए गए थे। लंबे समय से पुलिस आरोपी की तलाश में थी।

चौकी पिपलौन पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी पिपलौन बस स्टैंड क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पिपलौन द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की गई। पुलिस टीम द्वारा सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध जारी स्थाई वारंटों की विधिवत तामीली कर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
आसिफ उर्फ आशिक पिता अनीस अली, उम्र 32 वर्ष, निवासी अयोध्या बस्ती आगर, हाल मुकाम बेगमबाग कॉलोनी उज्जैन।

✨ सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशि उपाध्याय, चौकी प्रभारी पिपलौन सउनि अजय जाट, प्रधान आरक्षक इकबाल खान, प्रधान आरक्षक दामोदर शर्मा एवं आरक्षक विनोद चौहान की सराहनीय भूमिका रही

keyboard_arrow_up
Skip to content