“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान : रंगों और लेखनी से युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश, जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में नशामुक्ति जनजागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता, जागरूकता संवाद एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान का मुख्य आकर्षण संस्कार स्कूल, आगर में आयोजित अंतरविद्यालयीन चित्रकला प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में संस्कार स्कूल, मॉडल स्कूल, पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं पीतांबरा कॉलेज के लगभग 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से “नशे से दूरी है ज़रूरी” का प्रभावशाली संदेश दिया। विद्यार्थियों की चित्रकृतियों में नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवन का महत्व एवं नशामुक्त समाज की प्रेरक झलक दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय, उप निरीक्षक सुनीता परिहार व सायबर सेल प्रभारीउप निरीक्षक राखी गुर्जर ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रुचिका सोलंकी, शीतल शर्मा एवं मयूरशिखा भटनागर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इसी क्रम में थाना नलखेड़ा द्वारा सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नलखेड़ा में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से नशे के विरुद्ध सशक्त संदेश दिया। प्रतियोगिता में रवीना गोस्वामी ने प्रथम, लक्ष्मी गुर्जर ने द्वितीय एवं राजेश सोंधिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना सोयत कला द्वारा ग्राम सालियाखेड़ी स्थित नव उदय पब्लिक हाई स्कूल में लगभग 300 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

चौकी पीपलोन कला द्वारा जमात खाना, कस्बा पीपलोन में ग्रामीणों एवं नगरवासियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

वहीं थाना कानड़ द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, कानड़ में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया तथा सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा का मानना है कि नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है। जब युवा अपनी कला, विचार और लेखनी के माध्यम से समाज को संदेश देते हैं, तो यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर लेता है।

जिला पुलिस आगर मालवा ने नागरिकों से अपील की है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा “ज़िंदगी को हाँ, नशे को ना” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

keyboard_arrow_up
Skip to content