🚭 “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जिलेभर में मिल रहा जनसमर्थन — ग्राम चौपाल, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हजारों नागरिकों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

युवा, विद्यार्थी, ग्रामीण, व्यापारी एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से किया गया जागरूक, जनभागीदारी से नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश हुआ और अधिक सशक्त

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जनजागरूकता गतिविधियों का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन एवं समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार की खुशियों, सामाजिक प्रतिष्ठा, आर्थिक स्थिति तथा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव छोड़ता है। सभी से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। कार्यक्रमों के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संकल्प दिलाते हुए नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

अभियान के अंतर्गत थाना कानड़ द्वारा ग्राम नैन्याखेड़ी अहीर में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया। साथ ही कानड़ नगर के बस स्टैंड एवं सब्जी मंडी क्षेत्र में व्यापारियों, यात्रियों एवं आमजन से संपर्क कर नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया तथा उन्हें अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

चौकी पीपलोन कला, थाना कोतवाली आगर द्वारा ग्राम पंचायत पीपलोन कला में ग्राम चौपाल आयोजित की गई, जिसमें सरपंच, सचिव, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में चौकी बड़ागांव, थाना नलखेड़ा द्वारा शासकीय हाई स्कूल, ग्राम गोंदलमऊ में विद्यार्थियों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं थाना कोतवाली आगर प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ ग्राम पाचारूंडी एवं स्लम क्षेत्र में जनसंपर्क कर ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। लगभग 150 नागरिकों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं नशा न करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का संकल्प लिया।

थाना सोयत कला द्वारा ग्राम पंचायत देहरिया स्थित पीएम श्री हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त अर्जुन नगर तितर कॉलोनी में भी जनसंपर्क कर आमजन को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

थाना सुसनेर द्वारा ग्राम श्यामपुरा में ग्रामीणों के मध्य जनसंवाद आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई एवं सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वहीं पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा नई आबादी क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता से संचालित सामाजिक जनआंदोलन है। अभियान के दौरान जनजागरूकता के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई भी समान रूप से जारी है। यह अभियान 30 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर संचालित रहेगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर जनसंवाद, ग्राम चौपाल, रैलियाँ, शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित कर समाज के प्रत्येक नागरिक को इस जनआंदोलन का सहभागी बनाया जाएगा, ताकि “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संदेश जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content