“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिली नई गति — अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने औद्योगिक इकाई में श्रमिकों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, जिलेभर में विद्यालयों, अस्पताल, हाट-बाज़ार एवं सार्वजनिक स्थलों पर चला व्यापक जनजागरूकता अभियान

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, श्रमिकों, ग्रामीणों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

इसी क्रम में जिला आगर मालवा स्थित एक औद्योगिक इकाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 से 350 श्रमिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशि उपाध्याय, थाना प्रभारी कानड़ निरीक्षक राजकुमार दांगी, उप निरीक्षक सुनीता परिहार एवं उप निरीक्षक आलोक परेटिया उपस्थित रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं पारिवारिक हानियों की जानकारी देते हुए सभी को नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे से दूर रखने का आह्वान किया।

इसी दिन जिला अस्पताल, आगर मालवा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नशामुक्ति केंद्र के मरीजों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अस्पताल कर्मचारियों ने भाग लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय ने नशामुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों से संवाद कर नशा छोड़ने के बाद जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तनों पर चर्चा की तथा उन्हें नई शुरुआत के लिए प्रेरित किया। सिविल सर्जन डॉ. मनीष कुरील, आरएमओ डॉ. विजय सागरिया एवं नशामुक्ति एवं मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल गौड़ ने नशे के कारण, दुष्प्रभाव, उपचार एवं बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उप निरीक्षक सुनीता परिहार ने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

चौकी बड़ागांव, थाना नलखेड़ा द्वारा भारतीय विद्या मंदिर स्कूल, ग्राम कुशलपुरा में लगभग 350 विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य भागीरथ पाटीदार उपस्थित रहे।

चौकी पीपलोन, थाना कोतवाली द्वारा हाट-बाज़ार में ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक करते हुए स्वयं एवं अपने परिवार को नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई गई।

थाना नलखेड़ा द्वारा नागरिकों को लघु फिल्म के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी देकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

थाना बड़ोद द्वारा बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर यात्रियों एवं आमजन को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया, जबकि थाना सुसनेर द्वारा बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी प्रकार थाना सोयत कला द्वारा संत कबीर कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में लगभग 400 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा का मानना है कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि जनजागरूकता, सामूहिक सहभागिता एवं सामाजिक संकल्प से जीती जा सकती है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। “ज़िंदगी को हाँ… नशे को ना।”

keyboard_arrow_up
Skip to content