कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता पर विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित

iGOT कर्मयोगी पोर्टल से पुलिस बल की दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर

संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं तकनीकी दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी पहल

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में आज दिनांक 18/03/2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में दो महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समाज के कमजोर वर्गों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना तथा आधुनिक डिजिटल प्रशिक्षण माध्यमों के उपयोग से उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करना था।

प्रथम सत्र में “समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता” विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने अपने व्याख्यान में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित प्रकरणों में विवेचना के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में प्रथम सूचना रिपोर्ट से लेकर साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान एवं गिरफ्तारी तक प्रत्येक चरण में विशेष सतर्कता और संवेदनशीलता आवश्यक है। पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार, त्वरित कार्यवाही एवं निष्पक्ष जांच को उन्होंने अत्यंत आवश्यक बताया, जिससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित न हो और समाज में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।

अधिवक्ता एवं CWC अध्यक्ष मनोज जैन ने अपने व्याख्यान में पॉस्को एक्ट, महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित मामलों में विवेचना की बारीकियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पीड़ितों, विशेषकर बालकों एवं महिलाओं के साथ संवेदनशीलता एवं गोपनीयता बनाए रखने, साक्ष्य संकलन की शुद्धता, मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया तथा बाल मित्रवत वातावरण में बयान लेने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि विधिक प्रावधानों का सही पालन एवं सटीक दस्तावेजीकरण ही प्रकरण को न्यायालय में मजबूत बनाता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं समयबद्ध विवेचना पर ध्यान देने के निर्देश दिए तथा प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने पर बल दिया।

द्वितीय सत्र में भारत सरकार के “iGOT कर्मयोगी” पोर्टल के उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने पोर्टल की उपयोगिता, इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों के महत्व एवं निरंतर सीखने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समयावधि में प्रशिक्षण पूर्ण कर अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु प्रेरित किया। इसके पश्चात आरक्षक होकम चौहान एवं पवन वैष्णव द्वारा iGOT कर्मयोगी एप्लिकेशन की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया, लॉगिन एवं प्रोफाइल निर्माण की जानकारी व्यवहारिक रूप से प्रदान की गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत, थाना प्रभारी अजाक यशवंत राव गायकवाड़, थाना प्रभारी कोतवाली शशि उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी केसरसिंह राजपूत, सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा , प्रभारी रक्षित निरीक्षक जगदीश यादव सहित समस्त थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के स्टाफ सहित 120 से अधिक विवेचक उपस्थित रहे।

आगर मालवा पुलिस का यह प्रयास पुलिस बल को अधिक संवेदनशील, तकनीकी रूप से दक्ष एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है।

keyboard_arrow_up
Skip to content