🚭 “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में मानव श्रृंखला, शपथ, जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत विद्यालयों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

थाना कानड़ द्वारा सेंट सेबेस्टियन कॉन्वेंट स्कूल, कानड़ में लगभग 250 विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाकर जागरूक किया गया। उप निरीक्षक भीम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

थाना कोतवाली आगर द्वारा नगर में संचालित कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से नशामुक्ति जागरूकता गीत प्रसारित कर आमजन तक अभियान का संदेश पहुँचाया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर मानव श्रृंखला बनाकर नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।

चौकी बड़ागांव क्षेत्र के शनि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा बस स्टैंड पर यात्रियों एवं आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए जागरूकता अभियान चलाया गया तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

थाना सुसनेर द्वारा थाना परिसर के सामने आमजन के साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं एसडीओपी सुसनेर के मार्गदर्शन में सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल, सोयत कला में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना नलखेड़ा पुलिस द्वारा माँ बगलामुखी मंदिर परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर श्रद्धालुओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा को भी अभियान की जानकारी दी गई तथा उन्होंने नशामुक्त समाज निर्माण के इस जनअभियान की सराहना करते हुए अपने विचार साझा किए।

इसी क्रम में थाना बड़ोद एवं चौकी विजय नगरी द्वारा बस स्टैंड विजय नगरी पर मानव श्रृंखला बनाकर यात्रियों एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा चलाए जा रहे इन जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामीणों, श्रद्धालुओं, यात्रियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए “ज़िंदगी को हाँ, नशे को ना” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

जिला पुलिस आगर मालवा आमजन से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content