➡️ शैक्षणिक संस्थानों में अभिमन्यु 3 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
➡️ छात्र-छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी व कानून बताए
➡️ “शक्ति दल “द्वारा गरबा पंडालों में शपथ दिलाकर अभियान का किया जा रहा व्यापक प्रचार-प्रसार
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में दिनांक 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले में “अभिमन्यु-3 अभियान” निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला सम्मान और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 29.09.2025 को यादव कोचिंग क्लासेस आगर में अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी सुनीता परिहार ने अभियान के उद्देश्य बताते हुए महिलाओं के साथ छेड़छाड़, कार्यस्थल पर शोषण एवं महिला अपराधों की रोकथाम के लिए बनाए गए कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा संबंधी सावधानियां, बचाव के उपाय एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी छात्राओं को प्रदान की गई।
इस अवसर पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस टीम द्वारा सभी को बताया गया कि अभिमन्यु बनकर नशा, दहेज, रूढ़िवादिता, अश्लीलता, असंवेदनशीलता, भ्रूण हत्या, अशिक्षा एवं लिंगभेद जैसी कुरीतियों के चक्रव्यूह को तोड़ना होगा। कार्यक्रम में कोचिंग के प्रमुख धर्मेंद्र यादव, छात्र-छात्राएं व शिक्षकगण शामिल रहे। इस दौरान आरक्षक बलराम पटेल, महिला आरक्षक हर्षिता जोशी एवं वैशाली राठौर उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, गत रात्रि गरबा पंडालों में शक्ति दल द्वारा अभिमन्यु 3 अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया। इसमें उपस्थित जनों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई एवं अभिमन्यु शपथ दिलाई गई।
इस प्रकार जिलेभर में पुलिस दलों द्वारा सतत् जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन, छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए जागरूक किया जा रहा है।