➡️ अभिमन्यु-3 अभियान के अंतर्गत क्रिकेट खिलाड़ियों को महिला सुरक्षा व सामाजिक कुरीतियों से बचने का संदेश
➡️ नलखेड़ा पुलिस टीम ने ग्राम लालूखेड़ी व अयोध्या बस्ती में दिलाई महिला सम्मान की शपथ
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में दिनांक 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले में “अभिमन्यु-3 अभियान” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला सम्मान और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 01.10.2025 को आगर थाना ग्राउंड में चल रहे आगर क्रिकेट लीग के खिलाड़ियों को “अभिमन्यु-3 अभियान” के बारे में जानकारी दी गई। महिला थाना प्रभारी सुनीता परिहार ने खिलाड़ियों को अभियान के उद्देश्य समझाते हुए नशा, भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा समाज में लैंगिक समानता बनाए रखने की अपील की। साथ ही, महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम एवं उनसे बचाव के उपाय बताए गए और कानूनों व विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। इसके पश्चात सभी ने अभिमन्यु शपथ ली। इस अवसर पर क्रिकेट लीग आयोजक नजरुल हसन की विशेष सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान प्रधान आरक्षक राजेंद्र उपाध्याय, आरक्षक हर्षिता जोशी, आरक्षक बलराम पटेल एवं आरक्षक वैशाली राठौर भी मौजूद रहे।
इसी अभियान के तहत, थाना नलखेड़ा पुलिस टीम द्वारा ग्राम लालूखेड़ी एवं अयोध्या बस्ती, नलखेड़ा में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ सहायक उप निरीक्षक आशा लकवाल ने ग्रामीणों को महिलाओं के साथ अपराध होने पर तत्परता से मदद करने की अपील की और महिला सम्मान की अभिमन्यु शपथ दिलाई। उपस्थित नागरिकों को “अभिमन्यु-3 अभियान” की विस्तृत जानकारी देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु प्रेरित किया गया।