➡️ अभिमन्यु 3 अभियान के अंतर्गत पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
➡️छात्रों को लैंगिक समानता व महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी दी
➡️ नलखेड़ा पुलिस टीम ने मां बगलामुखी मंदिर एवं नगर में आयोजित भंडारों पर श्रद्धालुओं को किया जागरूक

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में , महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला सम्मान के उद्देश्य से दिनांक 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले में “अभिमन्यु-3 अभियान” संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 30.09.2025 को पोस्ट मैट्रिक छात्रावास आगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी सुनीता परिहार ने छात्रों को अभियान के उद्देश्य बताते हुए महिलाओं के संबंध में लैंगिक समानता, नशे से दूर रहने, अपराधों से बचने, पॉस्को एक्ट एवं भ्रूण हत्या की रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम एवं बचाव हेतु किए जाने वाले उपायों के बारे में छात्रों को बताया गया। इस दौरान कानूनों एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में छात्रावास के वार्डन रमेशचंद्र जादम, प्रधान आरक्षक राजेंद्र उपाध्याय, आरक्षक हर्षिता जोशी, आरक्षक बलराम पटेल एवं आरक्षक वैशाली राठौर व छात्रगण उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, नलखेड़ा थाना पुलिस टीम द्वारा आज मां बगलामुखी मंदिर में “अभिमन्यु-3 अभियान” के अंतर्गत श्रद्धालुओं को जागरूक किया गया। मंदिर प्रांगण व भंडारे में आए पुरुषों को अभियान की जानकारी दी गई तथा गरबा खेल रही बालिकाओं को महिला सुरक्षा व उनके अधिकारों के संबंध में समझाइश दी गई। साथ ही, नगर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे भंडारों में सउनि आशा लकवाल एवं उनकी टीम द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं को “अभिमन्यु-3 अभियान” के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पुलिस टीम द्वारा यह भी बताया गया कि प्रत्येक व्यक्ति को अभिमन्यु बनकर नशा, दहेज, रूढ़िवादिता, अश्लीलता, असंवेदनशीलता, भ्रूण हत्या, अशिक्षा एवं लिंगभेद जैसी कुरीतियों के चक्रव्यूह को तोड़ना है। तभी समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया जा सकेगा। यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर व्यवहार में बदलाव लाने का एक सशक्त प्रयास है।

keyboard_arrow_up
Skip to content