“साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता की अलख:आगर मालवा पुलिस द्वारा ‘सेफ क्लिक’ अभियान का भव्य शुभारंभ”

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित “सेफ क्लिक” साइबर सुरक्षा अभियान के तहत आज आगर मालवा जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आगर मालवा श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा सायबर जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने कहा कि यह अभियान 01 फरवरी से 11 फरवरी 2025 तक चलाया जाएगा, जिसमें जिलेभर में साइबर सुरक्षा, डिजिटल फ्रॉड, स्टॉक मार्केटिंग धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट आदि विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री निशा रेड्डी, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर, रक्षित निरीक्षक श्रीमती सपना परमार, थाना प्रभारी कोतवाली श्री अनिल मालवीय, सूबेदार श्री जगदीश यादव, जिला साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक श्री जितेंद्र सिंह चौहान सहित लगभग 100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सार्वजनिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन
अभियान के पहले दिन 01 फरवरी 2025 को जिले के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न स्कूलों में जाकर सार्वजनिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

आज “सेफ क्लिक” साइबर सुरक्षा अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना नलखेड़ा में कक्का इंटरनेशनल स्कूल में एसडीओपी सुसनेर श्री देवनारायण यादव और थाना प्रभारी नलखेड़ा श्रीमती शशि उपाध्याय ने साइबर सुरक्षा व सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर संवाद किया। थाना कोतवाली आगर में उपनिरीक्षक श्री आलोक पटेरिया व प्रधान आरक्षक नरेंद्र जावरिया ने नीलकंठेश्वर स्कूल आगर में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। थाना सोयत कला में थाना प्रभारी श्री यशवंत राव गायकवाड़ व अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा सीएम राइज स्कूल सोयत कला में छात्रों को साइबर अपराध, यातायात नियमों व महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई।

थाना बड़ोद में थाना प्रभारी श्री कृष्णकांत तिवारी और उनकी टीम ने सीएम राइस उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ोद में बच्चों को साइबर सुरक्षा के महत्व को समझाया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विघालय कानड़ में उप निरीक्षक श्री रघुनाथ सिंह कटारे द्वारा इंटरनेट साइबर एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जागरुक किया गया। आस्था स्कुल सुसनेर में थाना सुसनेर पुलिस द्वारा छात्र- छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया में सउनि श्री सरदार सिंह परमार के नेतृत्व में ग्रीन वैली स्कूल तनोडिया में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी व डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। वहीं पुलिस चौकी पिपलोन कला में उपनिरीक्षक श्री सचिन धाकड़ व उनकी टीम द्वारा ब्राइट फ्यूचर विद्यालय पिपलोन कला में साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन सतर्कता पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसी क्रम में साइबर सेल आगर द्वारा नील कंठेश्वर स्कुल आगर में उपनिरीक्षक श्री जितेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में सउनि सुश्री आशा लकवाल, प्रधान आरक्षक सुब्रतो शर्मा, वीरेन्द्र सिंह राठौर व आरक्षक शैलेन्द्र सिंह द्वारा सेफ क्लिक अभियान के बारे में बताया जाकर ऑनलाइन सुऱक्षित रहने के तरीके, सेफ इंटरनेट के उपयोग और साइबर अपराध से बचने के लिए जागरुक किया गया। इस प्रकार “सेफ क्लिक” साइबर सुरक्षा अभियान के प्रथम दिवस जिले भर में लगभग 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरुक किया गया।

अभियान के तहत प्रत्येक थाना क्षेत्र में साइबर जागरूकता वाहन को रवाना किया गया। इस वाहन के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी बैनर, पोस्टर और ऑडियो संदेशों के जरिए आम जनता को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।

“सेफ क्लिक” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में पोस्टर व पंपलेट वितरण, नुक्कड़ नाटक, साइबर मेला, हैकाथॉन, रेडियो प्रसारण आदि कार्यक्रमों के माध्यम से साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content