पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में पौधा रोपित कर किया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ
– “प्रकृति से प्रेम और माँ के प्रति सम्मान का यह भावनात्मक संगम हर व्यक्ति को एक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करता है” : एसपी श्री विनोद कुमार सिंह
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिनांक 5 जून 2025 को मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा पुलिस लाइन आगर मालवा स्थित “मातृ कुंज वाटिका” में किया गया। यह अभियान 5 जून से 30 सितंबर 2025 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने अभियान की शुरुआत करते हुए एक पौधा रोपित किया और उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं बल्कि यह हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम पर रोपे और उसकी देखरेख कर उसे वृक्ष बनाए। यह एक भावनात्मक पहल है, जो व्यक्ति को प्रकृति से गहरे स्तर पर जोड़ती है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज पर्यावरण संकट की जो स्थिति उत्पन्न हो रही है, उसका एकमात्र समाधान व्यापक पौधारोपण और वृक्ष संरक्षण है। जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण और बढ़ते तापमान जैसी समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब हम सभी मिलकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा और जिले के प्रत्येक थाने में पौधारोपण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, आगर श्री मोतीलाल कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती सपना परमार, थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती शशि उपाध्याय, थाना प्रभारी यातायात श्री रामगोपाल वर्मा, निरीक्षक श्री नागेश यादव, सूबेदार श्री जगदीश यादव ,प्रधान आरक्षक बंटी धाकड़ सहित जिले के समस्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण किया और इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।