पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने देर रात्रि किया थाना सुसनेर का आकस्मिक निरीक्षण
▶️ थाना परिसर, मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार का लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सुसनेर, 01 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी द्वारा मंगलवार देर रात्रि थाना सुसनेर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सुसनेर निरीक्षक अनिल मालवीय सहित थाना बल उपस्थित रहा।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का भ्रमण कर मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार, CCTNS कक्ष, कार्यालयीन शाखाओं एवं रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में रखे प्रकरणों से संबंधित जप्त सामग्री एवं संपत्ति के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव की जानकारी ली तथा अभिलेखों का नियमानुसार संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बंदीगृह के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं बंदियों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए शासकीय शस्त्रों एवं कारतूसों के सुरक्षित रख-रखाव, उनकी स्थिति एवं रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अपराध पंजीयन, विवेचना संबंधी प्रविष्टियों, लंबित कार्यवाही एवं विभिन्न ऑनलाइन रिकॉर्ड के अद्यतन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि CCTNS पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय-सीमा में पूर्ण एवं अद्यतन रखी जाएं, ताकि पुलिसिंग से संबंधित जानकारी सही एवं समय पर उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में लंबित अपराधों एवं शिकायतों, अपराध की स्थिति, विवेचना की प्रगति, वारंटों की तामीली तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण तथा फरियादियों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना क्षेत्र की रात्रिकालीन गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। पुलिस बल को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी, अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं तत्परता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में व्यावसायिक दक्षता के साथ आमजन के प्रति संवेदनशील, विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार भी आवश्यक है।
जिला पुलिस आगर मालवा — सतर्क पुलिसिंग, सुदृढ़ व्यवस्था एवं सुरक्षित समाज।





