“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में जागरूकता की अलख — विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं आमजन को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही उपस्थित नागरिकों को “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संकल्प दिलाते हुए नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

अभियान के अंतर्गत थाना सुसनेर द्वारा ग्राम मोडी में ग्रामीणजनों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। थाना नलखेड़ा पुलिस ने कमला सागर स्कूल, अमलाजोड़, सुई गांव तथा मां बगलामुखी मंदिर परिसर में विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। थाना कानड़ द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशामुक्ति रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने जनजागरूकता संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक किया।

इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा पिपलोन चौपाटी पर आमजन के बीच जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव एवं स्वस्थ जीवन के महत्व की जानकारी दी गई तथा उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वहीं थाना बड़ौद पुलिस द्वारा कस्बा बड़ौद में नुक्कड़ सभा आयोजित कर नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया और उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं ग्रामों में जनजागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, नुक्कड़ सभाएं, शपथ ग्रहण, संवाद कार्यक्रम एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस जनआंदोलन से जुड़कर “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

keyboard_arrow_up
Skip to content