🎈 “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिला नया आयाम — पुलिस अधीक्षक ने जन जागरूकता संदेश अंकित विशाल गुब्बारे को किया स्थापित
“आकाश की ऊँचाइयों तक पहुँचाकर अभियान का संदेश जन-जन तक प्रसारित करने का शुभारंभ किया।”
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जनसहभागिता आधारित अभिनव जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में दिनांक 20 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी द्वारा पुरानी अनाज मंडी परिसर, आगर में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का संदेश अंकित विशाल जन जागरूकता गुब्बारे को आकाश की ऊँचाइयों तक पहुँचाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह गुब्बारा दूर-दूर तक दिखाई देते हुए आमजन का ध्यान आकर्षित करेगा तथा नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित करेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकार बंधुओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। एक व्यक्ति का नशे की गिरफ्त में आना पूरे परिवार की खुशियाँ, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध यह अभियान केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला सामाजिक जनआंदोलन है।”
उन्होंने कहा कि “‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को जागरूक करना नहीं, बल्कि समाज में ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करना है, जहाँ प्रत्येक नागरिक स्वयं नशे से दूर रहे, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे तथा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस का सहयोगी बने। जब समाज और पुलिस एक साथ खड़े होंगे, तभी हम नशामुक्त मध्यप्रदेश एवं नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार कर पाएंगे।”
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान करते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और समय को शिक्षा, खेल, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण में लगाएँ, न कि नशे जैसी विनाशकारी प्रवृत्तियों में। नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभियान का संदेश अंकित गुब्बारे को आकाश में स्थापित किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। गुब्बारे के माध्यम से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का संदेश दूर-दूर तक प्रसारित होगा तथा आमजन में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाह, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशि उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक जगदीश यादव सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन एवं थाना कोतवाली का पुलिस बल, पत्रकार बंधु तथा लगभग 150 अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के नवाचार आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुँच सके तथा वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के संकल्प को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।





