“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 17 जुलाई 2026 को जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक स्थलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान के दौरान संदीपनि स्कूल, नलखेड़ा में विद्यार्थियों के साथ हस्ताक्षर अभियान चलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। नेताजी सुभाषचंद्र बोस पब्लिक स्कूल, कानड़ में पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
थाना बड़ोद क्षेत्र के सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल में लगभग 150 विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इसी प्रकार थाना कोतवाली द्वारा माँ पीतांबरा नर्सिंग कॉलेज में लगभग 200 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए जागरूकता वीडियो (लघु फिल्म) का प्रदर्शन किया गया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
बड़ागांव चौकी अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़ा गांव में लगभग 350 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के कारण स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सभी ने नशामुक्त रहने की शपथ ली।
पुलिस सहायता केंद्र पीपलोन कला द्वारा ब्राइट फ्यूचर कॉन्वेंट स्कूल में लगभग 200 विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास तंबाकू एवं सिगरेट की गुमटियों की भी जांच की गई तथा यह सुनिश्चित किया गया कि विद्यालय के आसपास किसी प्रकार की तंबाकू सामग्री की बिक्री न हो।
सोयत कला स्थित श्री महाराणा प्रताप हायर सेकेंडरी स्कूल में लगभग 300 विद्यार्थियों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, आर्थिक, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। वहीं पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा शासकीय हाई स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए शपथ दिलाई गई।
थाना सुसनेर क्षेत्र के पीएम श्री स्कूल, श्यामपुर में एसडीओपी सुसनेर एवं थाना प्रभारी सुसनेर द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में प्रेरक व्याख्यान दिया गया तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना नलखेड़ा पुलिस द्वारा माँ बगलामुखी मंदिर में दर्शन हेतु आए श्रद्धालुओं, बस चालकों, पान-गुटखा विक्रेताओं, चौपाल पर उपस्थित ग्रामीणों तथा शासकीय हाई स्कूल नलखेड़ा, प्राथमिक विद्यालय फेंटी एवं प्राथमिक विद्यालय धारोला में भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। आमजन को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। सभी उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
अभियान के दौरान जिलेभर में जागरूकता व्याख्यान, लघु फिल्म प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान, सामूहिक शपथ एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 2,750 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन ने सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें तथा युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का यह जनजागरूकता अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा।





