“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को मिल रहा जनसमर्थन — विद्यालयों, ग्राम चौपाल, धार्मिक स्थलों एवं न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। इसी क्रम में दिनांक 22 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विविध जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया द्वारा कल्प कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षक विजय पाटीदार की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आरक्षक लाखन सिंह राठौर एवं आरक्षक महेश पचलानिया ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उसके कारण होने वाली स्वास्थ्य, पारिवारिक एवं सामाजिक हानियों की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक पेंटिंग्स बनाकर रंगों के माध्यम से “ज़िंदगी को हाँ, नशे को ना” का प्रभावशाली संदेश दिया।

इसी क्रम में चौकी पीपलोन कला द्वारा ग्राम पंचायत सोनचिड़ी में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरपंच, ग्राम सचिव एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए सामाजिक सहभागिता से नशामुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया गया। उपस्थित सभी नागरिकों ने नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

चौकी बड़ागांव द्वारा बालकृष्ण मंदिर हाई स्कूल, बड़ागांव में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही नगर परिषद बड़ागांव के कचरा वाहन के माध्यम से पूरे नगर में अभियान का प्रचार-प्रसार कर आमजन तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया जा रहा है।

थाना कोतवाली आगर द्वारा जिला न्यायालय, आगर में अधिवक्ताओं एवं आमजन के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय एवं उप निरीक्षक सुनीता परिहार ने उपस्थित नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे जुड़े अपराधों एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

थाना नलखेड़ा द्वारा थाना प्रभारी नागेश यादव के नेतृत्व में माँ बगलामुखी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं आमजन के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाकर नशामुक्त समाज का संकल्प दिलाया गया। इसके पश्चात काका स्कूल, नलखेड़ा में विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नेहल तोमर ने प्रथम, अजुनी जैन ने द्वितीय तथा अंकिता दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बाद में हॉवर्ड स्कूल, नलखेड़ा में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया तथा उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रिया ठाकुर एवं खान सर को सम्मानित कर युवाओं को सकारात्मक जीवन एवं स्वस्थ आदर्शों का संदेश दिया गया।

इसी क्रम में थाना सोयत कला द्वारा रवीन्द्रनाथ पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में लगभग 250 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज एवं भविष्य को भी प्रभावित करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

जिला पुलिस आगर मालवा का मानना है कि नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार जनजागरूकता और जनसहभागिता है। जब विद्यार्थी, शिक्षक, ग्रामीण, अधिवक्ता, श्रद्धालु और आमजन एक साथ नशामुक्त समाज का संकल्प लेते हैं, तभी इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य सफल होता है।

जिला पुलिस आगर मालवा सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

keyboard_arrow_up
Skip to content