🚩 नलखेड़ा धाम से नशामुक्ति का आह्वान — माँ बगलामुखी धाम में संभागायुक्त, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिया “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का संदेश
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा जिलेभर में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में दिनांक 22 जुलाई 2026 को उज्जैन संभागायुक्त श्री आशीष सिंह के नलखेड़ा प्रवास एवं माँ बगलामुखी धाम में प्रस्तावित देवी लोक निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग द्वारा मंदिर परिसर में नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के हस्ताक्षर बैनर पर हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने “Drug Free India” संदेश अंकित पोस्टर के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता ही इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन, पुलिस, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा जनसहभागिता के संयुक्त प्रयासों से नशामुक्त समाज का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकेगा।
कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, खेल एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी ऊर्जा लगाएंगे, तो समाज स्वतः सशक्त होगा। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया तथा सभी से नशामुक्त समाज निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने अभियान की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक स्थलों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध सबसे बड़ी शक्ति जागरूक समाज और पुलिस का पारस्परिक सहयोग है।
उल्लेखनीय है कि संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने नलखेड़ा प्रवास के दौरान माँ बगलामुखी धाम में प्रस्तावित देवी लोक निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा भविष्य में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए मल्टी लेवल पार्किंग सहित आवश्यक जनसुविधाओं के विकास के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ही उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, नगर परिषद अध्यक्ष श्री विजय सोनी, एसडीओपी सुसनेर श्री देवनारायण यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, थाना प्रभारी नागेश यादव, निरीक्षक अनिल मालवीय, मंदिर के पुजारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, श्रद्धालुगण एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





